बदायूं। एसीजेएम रवि कुमार दिवाकर ने पैरोकारों के समय से कोर्ट में हाजिर नहीं होने पर एसओ जरीफनगर और कादरचौक से कड़ी नाराजगी जताते हुए उन्हें तलब किया है।
एसीजेएम ने कहा है कि थाने के पैरोकार कोर्ट में समय से हाजिर नहीं होते। इससे न्यायालय का कार्य प्रभावित होता है। ऐसा प्रतीत होता है कि पैरोकारों की न्यायिक कार्यों में कोई रुचि नहीं है और वह अपने कर्तव्यों के प्रति भी गंभीर नहीं हैं। इससे कोर्ट की कार्यवाही प्रभावित होती है। दोनों थाना प्रभारियों को नोटिस जारी करते हुए 23 जनवरी को मय जीडी के कोर्ट में तलब किया है। कहा है कि उपस्थित होकर यह बताएं कि पैरोकारों की थाने से कब रवानगी होती है और कब कोर्ट में आमद होती है। साथ ही यह भी आदेश दिया कि वह थाने के पैरोकारों के नामों का भी उल्लेख करें।
एसीजेएम ने चेताया है कि वह सभी विवरण सहित कोर्ट में नियत तिथि को हाजिर हों और बताएं कि क्यों न दोनों प्रभारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाए।