छुट्टी पर घर आए फौजी को
गोली मारी, भाई को पीटा
एक सप्ताह पहले हुआ था विवाद, आरोपियों के खिलाफ दर्ज थी एनसीआर
अमर उजाला ब्यूरो
बिसौली (बदायूं)। नगर के गदरपुरा मोहल्ले में छुट्टी पर घर आए फौजी को कुछ लोगों ने गोली मार दी और उसके भाई को लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। परिवार वालों ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। साथ ही घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
मोहल्ला गदरपुर निवासी 25 वर्षीय मुसाहिद आर्मी में है। दो दिन पहले ही वह छुट्टी लेकर घर लौटा था। कुछ दिन पहले उसके भाई मुन्ना को मोहल्ले के ही शहवाज और शादाब ने पीट दिया था। इस पर मुन्ना ने आरोपियों के खिलाफ एनसीआर दर्ज कराई थी। आरोप है एक सप्ताह बीतने के बावजूद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। इससे आरोपियों के हौसले बुलंद थे। शनिवार सुबह पुराने विवाद को लेकर फौजी के भाइयों का आरोपियों से विवाद हो गया। इससे शहवाज और शादाब ने तमंचे से फायरिंग कर दी। इससे एक गोली फौजी मुशाहिद की कनपटी को छूती हुई निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। आरोपियों ने दूसरे भाई मुजाहिद को डंडों से पीटकर घायल कर दिया। इस दौरान मोहल्ले में अफरा तफरी मच गई। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों शादाब, शहवाज और उसके पिता आजाद को हिरासत में ले लिया है। इस संबंध में इंस्पेक्टर ओपी गौतम ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।