पांवटा साहिब (सिरमौर)। राजबन पुलिस चौकी के तहत आने वाले बांगरन में 24 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शनिवार को बांगरन निवासी राजकुमार उर्फ कमल पुत्र पाल सिंह को उसके परिजनों ने सुबह कमरे में फंदे से लटका पाया। इसकी सूचना परिजनों ने राजबन पुलिस चौकी को दी। चौकी से मुख्य आरक्षी ओपी चौहान की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। शुरुआती जांच में पता चला है कि राजकुमार ट्रैक्टर चालक था। शुक्रवार शाम को युवक ने नशा भी किया था। हालांकि, जांच के दौरान पुलिस को मृतक के कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। लिहाजा, आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया। डॉ. राजीव चौहान ने बताया कि बांगरन निवासी राजकुमार उर्फ कमल की मौत हो चुकी थी। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने मामले की पुष्टि की है। डीएसपी ने बताया कि बांगरन निवासी राजकुमार की आत्महत्या मामले की राजबन पुलिस टीम जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद बिसरा रिपोर्ट जुन्गा लैब में जांच को भेजी जा रही है, जिससे मौत के कारण का सही पता चल सकेगा। उन्होंने बताया कि मामले की गहनता से तफ्तीश की जा रही है।