नृत्य को लेकर बवाल
युवक को गोली मारी
मूसाझाग के थलिया नगला की घटना, बारात जाने से पूर्व डांस को बुलाई गईं थीं नर्तकी
अमर उजाला ब्यूरो
मूसाझाग (बदायूं)। मूसाझाग थाना क्षेत्र में बारात जाने से पूर्व बुलाई गई नर्तकी के डांस को लेकर जमकर मारपीट हो गई। बाद में एक युवक को सीने में तमंचे से गोली मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार वाले उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां से बरेली, फिर उसे दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया।
ग्राम थलिया नगला निवासी चांद मोहम्मद पुत्र पुत्तन की शनिवार सुबह उसहैत थाना क्षेत्र के ग्राम भंदरा को बारात जानी थी। इससे पूर्व पुत्तन ने शुक्रवार रात मनोरंजन को नर्तकी बुलाईं थीं। गांव में डीजे पर नर्तकी डांस कर रहीं थीं। गांव के दर्जनों लोग डांस देख रहे थे। वहीं 25 वर्षीय आजिम पुत्र सादिक भी डांस देख रहा था। आरोप है कि रात करीब दस बजे डांस देखने पहुंचे आसिफ पुत्र यूनुस ने स्टेज पर पसंदीदा गाना लगाने उस पर नृतकी को नाचने के लिए कहा। आजिम दूसरा गाना लगाने की फरमाइश कर रहा था। इसी बात पर दोनों लोगों की जमकर मारपीट हो गई। उसके बाद आसिफ ने अंटी से तमंचा निकाल कर आजिम को सीने में गोली मार दी। जिससे युवक वहीं जमीन पर गिर गया और पंडाल में भगदड़ मच गई। उसी समय किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। जिस पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई लेकिन तब तक गोली मारने वाला आसिफ, डीजे वाले और नर्तकी फरार हो गए। पुलिस ने तुरंत आजिम को जिला अस्पताल भेजा, जहां से उसे बरेली रेफर कर दिया गया। लगातार हालत बिगड़ने पर परिवार वाले आजिम को दिल्ली ले गए हैं। युवक के छोटे भाई तालिम ने आसिफ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।