बनेई गांव में इसी घर में काटा गया संरक्षित पशु, पकड़े गए आरोपी। संवाद
- फोटो : BADAUN
कुंवरगांव (बदायूं)। सोमवार को बनेई गांव में पुलिस ने घेराबंदी कर एक घर में संरक्षित पशु को काटते छह लोग दबोच लिए। मौके से प्रतिबंधित मांस, दो बाइक और पशु को काटने के औजार बरामद हुए। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर सभी आरोपियों को जेल भेज दिया है।
सोमवार सुबह थाना पुलिस इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान इंस्पेक्टर चंद्रप्रकाश शुक्ला को सूचना मिली कि बनेई गांव में बच्चन पुत्र अच्छन के घर में संरक्षित पशु को काटा जा रहा है। इस पर इंस्पेक्टर ने तुरंत एसआई रविशंकर यादव और राजपाल सिंह के साथ टीम बनाई। उसके बाद बनेई गांव में जाकर बच्चन के घर की चारों ओर से घेराबंदी कर दी। बताते हैं कि बच्चन का घर काफी ऊंचा बना हुआ है। उसके घर की छत से काफी दूर तक दिखाई देता है लेकिन इस घेराबंदी के दौरान छत पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। सभी संरक्षित पशु को काटने में लगे थे। पुलिस ने एक साथ उसके घर में दबिश दी। मौके से बच्चन, उसका बेटा दिलशाद, कामिल पुत्र नफीउद्दीन, उसका भाई आमिल, आरिफ पुत्र इशरत अली और फिरासत पुत्र रियासत को गिरफ्तार कर लिया। उसके घर से एक क्विंटल प्रतिबंधित मांस, कुल्हाड़ी, छुरा, लकड़ी का गट्टा, तराजू बाट समेत एक बाइक और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद हुई। थाने लाकर की गई पूछताछ में उन्होंने बताया कि वह संरक्षित पशु को काटकर उसका मांस आसपास इलाके में पैक करके बेचना चाहते थे। इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। पुलिस ने सभी छह आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सोमवार दोपहर सभी आरोपी जेल भेज दिए गए।