दातागंज। अंधाधुंध बिजली कटौती के विरोध में सोमवार को डहरपुर कलां समेेत कई गांवों के ग्रामीणों का गुस्सा फूट गया। ग्रामीण सड़क पर आ गए और बदायूं-दातागंज-तिलहर स्टेट हाईवे जाम कर दिया। दातागंज-म्याऊं रोड पर भी यातायात ठप रहा। सूचना पर एसडीएम दातागंज रामशिरोमणि और इंस्पेक्टर सौरभ सिंह मौके पर पहुंचे, ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की लेकिन इसके बाद भी दो घंटे तक वाहनों के पहिये थम रहे।
दातगंज तहसील के गांव डहरपुरकलां समेत आसपास के गांवों में कई दिन से बिजली नहीं आ रही है। इन गांवों के ग्रामीण बार-बार उपकेंद्र पर शिकायत भी करते हैं लेकिन उनको सही सूचना नहीं मिलती। सोमवार को ग्रामीणों ने पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों को कई कॉल कीं, कंट्रोल रूम से भी सूचना चाही लेकिन कुछ मालूम नहीं हुआ, इससे गुस्साए डहरपुर कलां, गढा, कैलियाई, बीरमपुर आदि गांवों के लोग सड़क पर आ गए। ग्रामीणों ने पावर कॉरपोरेशन के खिलाफ नारेबाजी करने हुए स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया। इससे बदायूं-दातागंज-तिलहर स्टेट हाईवे के साथ दातागंज-म्याऊं रोड पर भी वाहनों की कतारें लग गईं।
सूचना पर पुलिस पहुंची तो ग्रामीणों की पुलिस से भी नोकझोंक भी हुई। बाद में एसडीएम रामशिरोमणि और इंस्पेक्टर सौरभ सिंह ने ग्रामीणों को समझाने का काम किया।
डहरपुरकलां के प्रधान विशाल गुप्ता और गढ़ा के पूर्व प्रधान ग्रीश पाल सिंह भी आ गए। उन्होंने भी ग्रामीणों को समझा कर जाम खोलने को कहा तब जाकर ग्रामीण शांत हुए और यातायात सामान्य हो सका। इस दौरान करीब दो घंटे तक भीषण गर्मी के बीच हाईवे पर वाहन फंसे रहे।
-
धान बेल्ट में रोपाई प्रभावित होने से गुस्सा
जिले में दातागंज तहसील को धान की बेल्ट के रूप में जाना जाता है। इन दिनों धान की रोपाई चल रही है। अच्छी बारिश न होने के साथ बिजली न मिलने से नलकूप भी ठप है। ऐसे में धान की रोपाई नहीं हो पा रही। किसानों की पौध खेतों में खराब हो रही है। कई-कई दिन बिजली न मिलने और कटौती के बारे में सही सूचना न मिलने के कारण सोमवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट गया।
-
बिजली कटौती के विरोध में कुछ लोग हंगामा कर रहे थे। उन लोगों ने जाम लगाने की कोशिश की। ऐसे लोगों की पहचान की जा रही है। बिजली सप्लाई के संबंध में पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों से बात की गई है।
-रामशिरोमणि, एसडीएम दातागंज