ककराला (बदायूं)। ककराला कस्बे के नजदीक घटिया नदी किनारे जंगल में सोमवार शाम 14 वर्षीय अबू शान खान का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंचे परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
चौदह वर्षीय अबू शान खान पुत्र नाजिम खान वार्ड नंबर 20 निवासी था। परिवार वालों के मुताबिक वह सोमवार दोपहर से लापता था। सोमवार शाम घटिया नदी किनारे जंगल में कुछ लोगों ने उसके शव को फंदे से लटका देखा। इस पर उन्होंने कस्बे के लोगों को सूचना दी। नाजिम खान और उसके परिवार वाले भी आ गए। नाजिम खान ने उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। संवाद