बिनावर (बदायूं)। थाना क्षेत्र के गांव चंदोरा में घर में पड़ी बिजली की केबल टूटकर गिरने से 35 वर्षीय किशनलाल की मौत हो गई। वह सो रहा था। बुधवार को रात में गांव में हाईटेंशन लाइन में फाल्ट होने से ऐसा हुआ।
ग्राम चंदोरा निवासी किशनलाल (35) पुत्र वेदराम गैस चूल्हा, कुकर आदि की मरम्मत करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। परिवार वालों के मुताबिक किशनलाल बुधवार रात रोजाना की तरह अपने घर के आंगन में चारपाई डालकर सो रहा था। देर रात गांव में हाईटेंशन लाइन में फाल्ट हुअ। इससे उनके घर में पड़ी केबल में आग लग गई और वह टूटकर उसके ऊपर जा गिरी। उसकी वहीं करंट लगने से मौके पर मौत हो गई।
जब परिवार वालों ने घर में कुछ जलने और तारों की स्पॉर्किंग की आवाज सुनी तो वे जाग गए। उन्होंने किसी तरह युवक के ऊपर से केबल को हटाया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
बृहस्पतिवार सुबह सूचना पर थाना पुलिस पहुंच गई और उसके शव का पोस्टमार्टम करा दिया। परिवार वालों ने बताया कि युवक के पास कुल दो बीघा जमीन है। उसके आठ बच्चे हैं। वह तीन भाइयों में मझला था।