कछला। ब्रिज हॉल्ट और कछला स्टेशन के बीच बृहस्पतिवार सुबह एक बुजुर्ग ट्रेन की चपेट में आ गए। उसके दोनों पैर कट गए। इलाज के दौरान उनकी राजकीय मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। शिनाख्त नहीं हो पाई है।
ट्रेन बरेली से कासगंज की ओर जा रही थी। उसी दौरान स्टेशन के पास ही करीब 65 वर्षीय बुजुर्ग उसकी चपेट में आ गया। घुटनों के पास से उसके दोनों पैर कटकर अलग हो गए। एक यात्री की सूचना के बाद एंबुलेंस के जरिये बुजुर्ग को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान दोपहर बाद बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस ने शव की पहचान कराने की कोशिश शुरू कर दी है। संवाद