कुंवरगाव। थाना क्षेत्र के गांव कसेर में भैंस चुराने आए बदमाश को ग्रामीणों ने दबोच लिया और उसकी जमकर पिटाई लगाई। अपने साथी को छुड़ाने के लिए बदमाशों ने एक फायर भी किया लेकिन ग्रामीणों ने उन्हें खदेड़ दिया। बदमाश को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस ने अभी तक इस मामले में मुकदमा पंजीकृत नहीं किया है।
मंगलवार रात गांव कसेर निवासी हरदयाल की पशुशाला में एक बदमाश घुस गया। वह दो भैंसों को खोलकर ले जाने लगा। आहट होने पर हरदयाल जाग गए। उन्होंने विरोध कर भैंस को छुड़ाने की कोशिश की तो बदमाश ने उसके गाल पर काट लिया। हरदयाल के शोर मचाने पर आसपास के लोग जाग गए और बदमाश को पकड़ने के लिए घेराबंदी कर दी। अंधेरे का लाभ उठाकर बदमाश हरदयाल की पशुशाला में ही छिप गया, जिसे बाद में लोगों ने पकड़कर उसकी बहुत पिटाई की। बताते हैं कि पकड़े गए बदमाश के साथी गांव के बाहर ही मौजूद थे, जिन्होंने फायरिंग की, लेकिन अंदर आने का साहस नहीं जुटा सके। लोगों ने बदमाश को पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए बदमाश के पास एक कटर भी था जिसे पुलिस को सौंप दिया गया।