बिल्सी। भीषण गर्मी में बिजली न आने पर सोमवार रात सड़क पर अपनी पुत्री के साथ टहल रहे एक भाजपा नेता से कोतवाली में तैनात सिपाही ने शराब के नशे में अभद्रता कर कर दी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी सिपाही का रात में ही सीएचसी पर मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। कोतवाल ने जांच रिपोर्ट एसएसपी को दी है।
नगर के मोहल्ला संख्या छह बिजलीघर रोड निवासी भाजपा नेता विनीत उपाध्याय सोमवार की रात बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण अपनी पुत्री के साथ नगर के अटल चौक के पास टहल रहे थे। चौक पर ड्यूटी पर बैठे सिपाहियों के साथ सादी वर्दी में कोतवाली में तैनात सिपाही रोहित तोमर भी बैठा था। उसने विनीत के साथ शराब के नशे में अभद्रता करनी शुरू कर दी। कहासुनी के बाद दोनों ओर से हाथापाई तक की नौबत आ गई। विनीत ने इसकी सूचना कोतवाल को दी, जिसके बाद वह भी वहां आ गए। उस समय आरोपी सिपाही शराब के नशे में था। उन्होंने रात में ही सिपाही रोहित तोमर का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मेडिकल परीक्षण कराया, जहां डॉ. प्रशांत त्यागी ने सिपाही के नशे में होने के पुष्टि करते हुए रिपोर्ट पुलिस को दी है। कोतवाल दिनेश कुमार शर्मा ने घटना की जांच रिपोर्ट एसएसपी को दी है।