बदायूं। शहर निवासी डॉ. प्रवीन कुमार सिंह ने अपनी पत्नी रेखा सिंह समेत तीन पर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। डॉक्टर का कहना है कि उनकी पत्नी ने फर्जी शादी का प्रमाण पत्र बनवाया और उनसे पासपोर्ट बनवा लिया। इसका विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
गांधी ग्राउंड पुराने कांग्रेस कार्यालय के सामने स्थित एमआरआई एंड डायनोस्टिक सेंटर के मालिक डॉ. प्रवीन कुमार सिंह के मुताबिक राजस्थान के झुझंनू गौठड़ा खेतरी निवासी रेखा सिंह के साथ 14 फरवरी 2003 को उनकी शादी हुई थी। शादी कार्यक्रम अलीगढ़ के एक लॉन में हुआ था। रेखा सिंह के परिवार वाले वहीं पहुंच गए थे। रेखा सिंह ने वर्ष 2015 में पासपोर्ट बनवाने के लिए आवेदन किया था, इसके लिए उन्होंने अपने जिले से शादी का फर्जी प्रमाण पत्र बनवा लिया। उस पर ग्राम प्रधान के हस्ताक्षर भी कराए गए जबकि शादी के प्रमाण पत्र पर ग्राम प्रधान के हस्ताक्षर कराना गलत है। शादी प्रमाण पत्र रजिस्ट्रार के यहां से जारी होता है। इसका उन्होंने विरोध किया था। उनके घर पर लोगों को भेजा गया। धमकी दिलाई गई। इससे उसे अपनी जानमाल का खतरा बना हुआ है। इस संबंध में डॉक्टर ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी लेकिन मामला दर्ज नहीं होने पर उन्होंने न्यायालय की शरण ली। अब न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने रेखा सिंह समेत उनके दो भाइयों राधेश्याम वोयल और अभिषेक वोयल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
डॉक्टर ने बिजली मैकेनिक पर लिखाई रिपोर्ट
बदायूं। शहर के निजी चिकित्सक डॉ. शरद कुमार गुप्ता ने एक बिजली मैकेनिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
डॉक्टर के मुताबिक उन्होंने करीब दो साल पहले बिजली मैकेनिक नई सराय निवासी भूरे को अपने पांच मंजिला हॉस्पिटल में बिजली फिटिंग का ठेका दिया था। ठेका मैकेनिक ने पंद्रह रुपये स्क्वायर फिट के हिसाब से तय किया। लेबर खर्चा उसका था। उन्होंने सामान खरीदकर दे दिया था। करीब दो लाख रुपये भी ले गया था लेकिन बीच में काम छोड़कर भाग गया। उसे कॉल की गई तो उसने गालीगलौज की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। कोतवाली पुलिस ने डॉक्टर की तहरीर पर बिजली मैकेनिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। संवाद