बदायूं। कादरचौक पुलिस ने भी वाहनों से अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। हालांकि वसूली करने वाले पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े। पुलिस ने दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की लेकिन आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। अब पुलिस दोनों आरोपियों को तलाश कर रही है।
एसआई विक्रम सिंह के मुताबिक उन्हें सूचना मिली कि श्याम पंडित की दुकान के सामने बदायूं आने-जाने वाले वाहनों से दो लोग अवैध वसूली कर रहे हैं। सूचना देने वाला एक ऑटो ड्राइवर था। उसकी सूचना पर एसआई विक्रम सिंह अपने साथ पुलिस बल लेकर बदायूं वाले चौराहे पर पहुंच गए। उस दौरान दो लोग बदायूं आने-जाने वाले ऑटो से 20-20 रुपये वसूल कर रहे थे। जैसे ही पुलिस ने उन्हें रंगेहाथ पकड़ने की कोशिश की, तभी मौके पर भीड़ जमा हो गई। जब तक पुलिस उन्हें पकड़ पाती कि वे भीड़ का फायदा उठाकर भाग गए। लोगों ने बताया कि इनमें एक असरासी निवासी देवकीनंदन पुत्र रामदीन और दूसरा ग्राम लभारी निवासी नंदकिशोर पुत्र रामेश्वर है। इस पर विक्रम सिंह ने वाहनों से अवैध वसूली करने वाले दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी है। उनकी गिरफ्तारी को टीम लगा दी गई है।