बदायूं। जीएसटी की विशेष अन्वेषण शाखा (एसआईबी) ने टैक्स चोरी की आशंका में शुक्रवार को शहर के लोहा व्यापारी मनीष जैन की भगवान परशुराम चौक के पास स्थित श्री जी आयरन ट्रेडर्स नाम की फर्म पर छापा मारा था। यहां तीन गोदामों में भौतिक सत्यापन के साथ फर्म के रिटर्न की भी पड़ताल का काम पूरा हो गया है। हालांकि, एसआईबी की ओर से अभी व्यापारी को नोटिस नहीं दिया गया है।
शुक्रवार को छापे की कार्रवाई एडिशनल कमिश्नर वंदना सिंह और ज्वाइंट कमिश्नर लालजीत यादव की टीम ने की थी। बदायूं वाणिज्य कर विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर जितेंद्र गुप्ता को भी टीम में रखा गया था। कई घंटे चली जांच पड़ताल के बाद बरेली से आई एसआईबी टीम यहां से कई रिकॉर्ड भी अपने साथ ले गई है। व्यापारी के तीन गोदामों का भौतिक सत्यापन भी किया गया है। असिस्टेंट कमिश्नर जितेंद्र गुप्ता ने बताया कि एसबीआई की पूरी कार्रवाई गोपनीय होती है। उन्होंने बताया कि टैक्स चोरी हुई है या नहीं यह अभी नहीं कहा जा सकता। जो भी कार्रवाई होगी वह एसआईबी ही करेगी। इधर, सूत्रों ने बताया कि बदायूं में तीन और बड़े व्यापारी भी टैक्स चोरी के मामले में एसआईबी के रडार पर हैं। देर सवेर इनके यहां भी कार्रवाई की जा सकती है।
इधर, लोहा व्यापारी मनीष जैन ने बताया कि उनके यहां कोई टैक्स चोरी नहीं पकड़ी गई है। अब तक एसआईबी की ओर से उनको कोई नोटिस भी नहीं मिला है। उनका पूरा रिकार्ड दुरुस्त है। टैक्स चोरी जैसी कोई बात नहीं है।