बदायं। पुलिस लाइन के आरआई हकीमुद्दीन पर गंभीर आरोप लगाने वाले सभी सिपाही मुकर गए हैं। उन्होंने एसपी सिटी को शपथ पत्र देकर कहा है कि इस संबंध में उन्होंने कोई शिकायत नहीं की और न ही इस मामले से उनका लेना देना है। इस पर अधिकारियों ने आरोपों का खंडन कर दिया है।
दो दिन पहले पुलिस लाइन के एक सिपाही के नाम से पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों और अखबारों के कार्यालयों में पत्र भेजे गए थे। उस पत्र पर 46 पुलिस कर्मियों के नाम लिखे थे। उसमें आरआई (प्रतिसार निरीक्षक) हकीमुद्दीन पर तमाम गंभीर आरोप लगाए गए थे। इसकी जानकारी पर एसपी सिटी प्रवीन सिंह चौहान ने कहा था कि वह इस मामले की जांच कर रहे हैं। उन्होंने पत्र में लिखे सभी पुलिस कर्मियों को एक-एक करके कार्यालय बुलाया। सभी से आरआई की शिकायत करने के संबंध में जानकारी ली गई लेकिन सभी ने शिकायत करने की जानकारी से ही इनकार कर दिया। उन्होंने एसपी सिटी को शपथ पत्र देकर आरोप लगाने से इनकार किया है। इस पर पुलिस विभाग की ओर से खंडन जारी किया गया है। एसपी सिटी ने बताया कि पत्र में शामिल सभी पुलिस कर्मी शिकायत करने से मना कर रहे हैं। उन्होंने कोई ऐसी शिकायत नहीं की। यह किसी की हरकत है।