बदायूं। उसावां के किसान से ट्यूबवेल का कनेक्शन कराने के नाम पर 40 हजार रुपये ठग लिए गए। तमाम शिकायतों के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई। अब पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर रुपये लेने वाले पावर कॉरपोरेशन के कर्मचारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
आरोप है कि उसावां थाना क्षेत्र के गांव बसई निवासी प्रेमपाल ने जनवरी 2020 में अपने ट्यूबवेल का कनेक्शन कराने के लिए विभाग के कर्मचारी मुनीश कुमार को चालीस हजार रुपये दिए थे। मुनीश ने कहा था कि वह उसके रुपये जमा कर देगा लेकिन उसने रुपये जमा नहीं किए। काफी समय इंतजार करने के बाद प्रेमपाल ने खुद जाकर रुपये जमा किए। उसने कर्मचारी से रुपये मांगे लेकिन उसने राशि वापस नहीं की। इस संबंध में प्रेमपाल ने थाने जाकर शिकायत की। पुलिस ने मामले की जांच की। मामला सही पाया गया। आरोपी ने रुपये देने का आश्वासन दे दिया। इस कारण पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। बाद में किसान ने डीएम से कार्रवाई की मांग की। उस पर भी कार्रवाई नहीं हुई। आखिर में प्रेमपाल ने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत की। यह शिकायत भी सही पाई गई। आरोपी को थाने बुलाया गया। उसने किस्तों पर रुपया जमा करने का आश्वासन दिया लेकिन पुलिस ने फिर भी उस पर कार्रवाई नहीं की। हारकर प्रेमपाल ने न्यायालय की शरण ली। अब पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर मुनीश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इस समय आरोपी बिल्सी में तैनात है।