महिला से रुपये लूटकर बाइक से भागते बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद। संवाद
- फोटो : BADAUN
ककराला (बदायूं)। अलापुुर के ककराला कस्बे में बुधवार दोपहर बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला से 68 हजार रुपये लूट लिए। वह बैंक से रुपये निकालकर अपने घर लौट रही थी। वह ऑटो में बैठती इससे पहले बाइक सवार दो बदमाशों ने घटना को अंजाम दे दिया। थाना पुलिस ने बदमाशों को काफी तलाश किया लेकिन शाम तक उनका कुछ पता नहीं चला।
कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव बेहटा डंबर नगर निवासी जीनत पत्नी नजाकत बुधवार दोपहर बैंक से रुपये निकालने आई थी। उस वक्त जीनत के साथ शाहीन बेगम भी मौजूूद थी। बताते हैं कि जीनत ने कस्बे की भारतीय स्टेट बैंक से 23 हजार रुपये निकाले थे जबकि उन्होंने एक सराफा व्यापारी की दुकान पर सोने के जेवर गिरवी रखकर 45 हजार रुपये ब्याज पर उठाए थे। जीनत के मुताबिक उन्हें अपने तालाब में मछली पालन कराने के लिए बीज खरीदने को रुपये की आवश्यकता थी। इससे वह रुपये का इंतजाम करने ककराला आई थी। उन्होंने अपने रुपये थैले में रख लिए और घर लौटने के लिए मोहम्मदगंज रोड पर स्थित ऑटो स्टैंड जा रही थी। वह कस्बे की जामा मस्जिद के नजदीक पहुंची थी तभी अचानक पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने रुपयों से भरा थैला लूट लिया।
सूचना पर ककराला चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक बदमाश बाइक पर पीछे बैठा हेलमेट पहने है। चौकी इंचार्ज की सूचना पर कादरचौक की मोहम्मदगंज चौकी प्रभारी महेंद्र कुमार ने सोत नदी पर वाहनों की चेकिंग की। सूचना पर सीओ दातागंज प्रेमकुमार थापा और इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बदमाशों को तलाश कराया गया लेकिन शाम तक वह नहीं पकड़े गए।