उझानी (बदायूं)। राधेलाल इंटर कॉलेज कछला में दाखिले को लेकर कहासुनी के बाद अध्यापक साजिद अली खां और राजकपूर की पिटाई के मामले में पकड़े गए दोनों आरोपियों का पुलिस ने पूछताछ के बाद शनिवार को चालान कर दिया। दोनों आरोपी सगे भाई हैं।
प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि राधेलाल इंटर कॉलेज के अध्यापक साजिद अली खां ने कछला के वार्ड नंबर-तीन निवासी फजले और मुनीर के खिलाफ कॉलेज में घुसकर मारपीट और गाली गलौज करने का आरोप लगाते हुए नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
फजले और मुनीर को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया था। यहां बता दें कि पकड़े गए फजले की दो बेटियों के दाखिले को लेकर विवाद हो गया था। दोनों के खिलाफ जान से मारने ओर सरकारी कार्य में बाधा डालने की भी कार्रवाई की गई। घटना के बाद कॉलेज के अध्यापकों ने कोतवाली आकर पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया था। चालान के दौरान फजले ने बताया कि अध्यापक ने एक दिन पहले भी उनकी बेटियों का दाखिला करने से इनकार कर दिया। दूसरे दिन पहुंचने पर उनके साथ भी अभद्रता की गई।
-
सड़क किनारे खड़ीं कारों के चालान काटे
कोतवाली पुलिस ने अवैध स्टैंडों पर खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू करते हुए शनिवार दोपहर बरीवाले बाईपास पर सड़क किनारे खड़ीं कारों को चेक किया। ड्राइवरों को बेवजह वाहन खड़े नहीं करने की हिदायत दी गई। बाईपास पर एक दर्जन से अधिक वाहनों के चालान काटे गए। इसके अलावा ब्लॉक के पास पुलिस को देख ड्राइवर अपने वाहनों लेकर हाईवे की तरफ खिसक गए।