दहगवां स्वास्थ्य केंद्र में देवेंद्र को लाने के दौरान लगी भीड़। संवाद
- फोटो : BADAUN
दहगवां (बदायूं)। जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव मलिकपुर बिचौला में सगे तहेरे भाइयों ने 40 वर्षीय देवेंद्र उर्फ मन्नू की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। उस दौरान देवेंद्र अपने खेत पर मेंथा की निराई करने जा रहा था। पुलिस ने पत्नी की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने देवेंद्र के शव का पोस्टमार्टम करा दिया है। आरोपियों को तलाश किया जा रहा है।
शनिवार को मलिकपुर बिचौला निवासी देवेंद्र उर्फ मन्नू पुत्र किशनलाल अपने खेत पर मेंथा की फसल की निराई करने जा रहा था। भतीजे विकास के मुताबिक उसका चाचा देवेंद्र रास्ते में पहुंचा था, तभी उनके तहेरे भाई शिशुपाल, हरपाल, श्योराज और पप्पू ने देवेंद्र पर लाठी-डंडे से हमला बोल दिया। उसको जमीन पर गिरा लिया और उसको लाठी-डंडे से पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया। इस दौरान देवेंद्र की चीख-पुकार सुनकर तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोपियों से देवेंद्र को बचाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं माने। वह देवेंद्र को पीटते रहे। तभी लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दे दी। इससे कुछ देर बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो गए। उसके बाद पुलिस देवेंद्र को गंभीर हालत में स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
देवेंद्र की पत्नी राजश्री ने चारों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने दोपहर के समय देवेंद्र के शव का पोस्टमार्टम करा दिया। उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लिवर फटा मिला है। एक जांघ और दोनों पैरों की हड्डियां टूटी पाई गईं हैं। विकास ने बताया कि करीब एक माह पहले आरोपियों ने देवेंद्र के खेत की मेड़ काट दी थी। बाद में देवेंद्र ने मेड़ काट दी, तब से आरोपी देवेंद्र से दुश्मनी मान रहे थे।
-
जरीफनगर के मलिकपुर बिचौला में एक युवक की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या की गई है। इसमें चार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश को टीम लगाई गई है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
- सिद्धार्थ वर्मा, एसपी देहात