किसान किशनपाल फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। एसएसपी कार्यालय में खुद को आग लगाने वाले 45 वर्षीय किसान किशनपाल की बृहस्पतिवार सुबह चार बजे बरेली के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। उसके शव का बरेली में ही पोस्टमार्टम कराया गया। दोपहर बाद यहां कछला गंगा घाट पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया। इस मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि एक की तलाश जारी है।
बुधवार दोपहर सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव दौरी रसूलपुर निवासी किसान किशनपाल ने पुलिस उत्पीड़न से तंग आकर एसएसपी कार्यालय में आग लगा ली थी। किशनपाल परिवार के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह बाहर से पेट्रोल डालकर आया था। कार्यालय परिसर में घुसते ही उसने खुद को आग लगा ली। उसे जिला अस्पताल भेजा गया, जहां से तुरंत बरेली रेफर कर दिया गया। उसके साथ दातागंज इंस्पेक्टर सौरभ सिंह को भी भेजा गया। बुधवार देर रात डॉक्टरों ने किसान की गंभीर हालत के संबंध में परिवार वालों को सतर्क कर दिया था। इस पर परिवार वाले उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले जाने की तैयारी में थे, इससे पहले ही सुबह चार बजे किसान ने दम तोड़ दिया। यहां बता दें एसएसपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बुधवार को सिविल लाइंस इंस्पेक्टर समेत पांच पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया था।
बृहस्पतिवार को इस मामले में सिविल लाइंस थाना पुलिस ने किसान की ओर से एफआईआर में नामजद रामेश्वर, ओमेंद्र, रामेंद्र, श्रीराम, विवेक, ओमवीर और देवेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है जबकि रामऔतार फरार है। उसे गिरफ्तार करने के लिए तीन टीमें लगीं हैं।