बदायूं। बदायूं से लिफ्ट लेकर तीन बदमाशों ने बरेली के फरीदपुर इलाके में जाकर शनिवार रात कार लूट ली। कई घंटे तक बदमाश ड्राइवर को बांधकर घुमाते रहे। फिर उसे नवाबगंज ले जाकर खाई में फेंक दिया। सूचना पर कार मालिक बदायूं से बरेली पहुंचे। उन्होंने फरीदपुर थाने में तहरीर दी लेकिन पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय उन्हें डांट कर भगा दिया।
शहर के शिवपुरम निवासी कृष्ण कुमार सिंह उर्फ सोनू ठाकुर की कार लेकर शनिवार रात उनका ड्राइवर सतेंद्र शाहजहांपुर जा रहा था। सतेंद्र के मुताबिक रास्ते में खेड़ा नवादा पुलिस चौकी के नजदीक तीन लोगों ने उसे हाथ देकर रोक लिया। उन्होंने बताया कि उनकी मां की मौत हो गई है। वह बरेली जाना चाहते हैं लेकिन यहां कोई सवारी नहीं मिल रही। वह आगे बुखारा मोड़ पर उतर जाएंगे। सतेंद्र ने उन्हें कार में बैठा लिया और बरेली की ओर रवाना हो गए। बुखारा पहुंचने पर लुटेरों ने सतेंद्र से पूछा कि आप कहां तक जा रहे हैं। जब सतेंद्र ने शाहजहांपुर जाने की बात बताई तो लुटेरों ने उन्हें फरीदपुर में उतारने की कहा। जैसे ही सतेंद्र कार लेकर फरीदपुर पहुंचे कि लुटेरों ने उन्हें कब्जे में ले लिया। एक लुटेरे ने कार का स्टेयरिंग संभाल लिया। सतेंद्र को तमंचा दिखाकर उनकी आंखों पर पट्टी बांध दी। कई घंटे तक लुटेरे उन्हें कार में घुमाते रहे। फिर नवाबगंज ले जाकर खाई में फेंक दिया। बंधक बनाए रखने के दौरान लुटेरों ने कार मालिक से सत्येंद्र की बात कराई। उन्हें कहलवाया गया कि कार खराब हो गई। बाद में कृष्ण कुमार ने कई बार संपर्क करने की कोशिश की लेकिन बात नहीं हो सकी। बंधनमुक्त होने के बाद सतेंद्र ने जब उन्हें किसी तरह सूचना दी तब वह मौके पर पहुंचे। उन्होंने फरीदपुर थाने जाकर तहरीर दी लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया। पुलिस ने बीमा हड़पने का नाटक बताते हुए उन्हें थाने से भगा दिया। कृष्ण कुमार ने बताया कि वह सोमवार को बरेली में एडीजी व आईजी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग करेंगे।