फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सरकारी जमीन पर कब्जा कर सपा नेता ने खुलवाई पनीर फैक्टरी...चला बुलडोजर

विज्ञापन
सपा नेता ने इसी जमीन पर किया था कब्जा, दीवार ढहाती जेसीबी। संवाद - फोटो : BADAUN
विज्ञापन
बदायूं। पुलिस प्रशासन की टीम ने शनिवार को खेड़ा नवादा इलाके में छापा मारा। यहां सपा के जिला उपाध्यक्ष व अल्पसंख्यक सभा के पूर्व प्रदेश सचिव मोतशाम सिद्दीकी की सागर ताल किनारे सरकारी जमीन पर कब्जाकर खुलवाई गई पनीर फैक्टरी पर बुलडोजर चलवा दिया गया। इसके अलावा दो और स्थानों से भी पनीर फैक्टरी पकड़कर काफी मात्रा में पनीर बरामद कर सैंपल लिया गया, यहां भी बुलडोजर चलवाया गया।
विज्ञापन

एसडीएम सदर एसपी वर्मा, सीओ सिटी आलोक मिश्रा के साथ पुलिस प्रशासन व खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार दोपहर आंवला-बिसौली रोड से सटे सागरताल के पास छापा मारा। तहसीलदार करनवीर सिंह के मुताबिक कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी कि खेड़ा नवादा इलाके में अवैध रूप से पनीर बनाया जा रहा है, इससे लोगों का स्वास्थ्य खराब हो रहा है। टीम के मुताबिक यहां करीब डेढ़ सौ मीटर सरकारी जगह पर सपा नेता मोतशाम सिद्दीकी का अवैध कब्जा मिला। उस जगह की बाउंड्री भी करा दी गई थी। यहीं काफी समय से अवैध रूप से पनीर बनाया जा रहा था। टीम को देखकर कारीगर पप्पू भागने में सफल रहा लेकिन चौकीदार रफत पकड़ा गया। यहां से करीब 40 किलो पनीर और करीब 140 किलो दूध जैसा तरल पदार्थ बरामद हुआ। यह सामान कब्जे में लेकर तहसीलदार ने यहां बुलडोजर चलवा दिया। यहां बनाई गईं भट्ठियां ढहा दी गईं।
इसके अलावा बराबर में इंतजार मोहम्मद की जगह पर भी एक पनीर फैक्टरी चलती मिली। यहां से भी पनीर व सफेद दूध जैसा पदार्थ बरामद हुआ। यहां भी बुलडोजर चलवा दिया गया। इसके अलावा खेड़ा नवादा में स्टेट बैंक के बराबर गली में अनीस के घर से काफी मात्रा में पनीर व सफेद तरल पदार्थ बरामद हुआ है। सभी के सैंपल ले लिए गए। पुलिस ने बरामद सामान कब्जे में कर लिया। कुल मिलाकर चार क्विंटल पनीर बरामद किया गया। पनीर के तीन व दूध के दो सैंपल लिए गए। सरकारी जमीन कब्जाने और उसका दुरुपयोग करने के आरोप में मोतशाम सिद्दीकी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा रही है।
विज्ञापन

-
मोतशाम सिद्दीकी ने सरकारी जगह पर अवैध कब्जा किया था। उस पर पनीर फैक्टरी चलवा रहे थे। यहां बुलडोजर चलवाकर अवैध कब्जा हटवा दिया गया है। इसमें उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। इसके अलावा एक और जगह पर बुलडोजर चलवाया गया है। सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई कराई जा रही है।
- करनवीर सिंह, तहसीलदार सदर
-
यह जमीन हमने खरीदी है। इसके सारे प्रमाण व बैनामा हमारे पास है। इसे लेकर एक केस भी तहसीलदार कोर्ट में चल रहा है। हमने पप्पू नाम के व्यक्ति को जगह किराये पर दे दी थी। वह क्या काम कर रहे थे, हमें नहीं पता। हम वहां नहीं जाते थे। प्रशासन ने मनमाफिक कार्रवाई की है, अधिकारी कुछ भी करने को स्वतंत्र हैं, हम क्या कह सकते हैं।
- मोतशाम सिद्दीकी, जिला उपाध्यक्ष सपा
000000
000000
सपा नेता ने जो जमीन कब्जाई, कागजों में वहां खाद के गड्ढे
बदायूं/सिलहरी। शनिवार को पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने खेड़ा नवादा में जिस जगह को सपा नेता से कब्जा मुक्त कराया वह तहसील के अभिलेखों में खाद के गड्ढों के रूप में दर्ज है। इतना ही नहीं इसके आसपास तमाम लोगों ने सरकारी जगह पर कब्जा कर लिया है। कुछ लोगों ने जगह बेच भी दी है।
खेड़ा नवादा पुलिस चौकी के सामने दुकानों के पीछे सरकारी जगह है। कई साल पहले पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने अभियान चलाकर इस जगह को कब्जा मुक्त कराया था लेकिन उसके बाद धीरे-धीरे काफी सरकारी जगह कब्जा ली गई। सागर ताल किनारे अधिकतर मकान सरकारी जगह पर बने हैं। कुछ मकान सागर ताल पाटकर बना लिए गए हैं। कुछ दुकानों के पीछे मिट्टी डलवाकर जगह बढ़ा ली गई है लेकिन आज तक इस जगह की न तो नपत कराई गई और न ही जगह कब्जाने वालों पर कार्रवाई की गई। हालांकि पांच साल पहले प्रशासनिक अधिकारियों ने बुलडोजर चलवाकर एक दुकान गिरवा दी थी। उसके बीच से नाला निकाला गया था।
बताया जाता है कि आज से 25-30 साल पहले सागर ताल पेट्रोल पंप के सामने सड़क किनारे तक हुआ करता था। वर्तमान समय में यहां तमाम दुकानें बनवा ली गईं हैं लेकिन जगह सरकारी है या इन कब्जेदारों की है, कभी तहसील प्रशासन ने जांच नहीं की। तहसील प्रशासन के अनुसार सपा नेता मोतशाम सिद्दीकी से जिस जगह को कब्जा मुक्त कराया गया है वह जगह तहसील के अभिलेखों में खाद के गड्ढों के नाम से दर्ज है। शनिवार को अभियान की शुरुआत हो गई है। अब आगे सागर ताल किनारे की जगह का पूरा सत्यापन होगा। इसमें सारी सच्चाई निकलकर सामने आ जाएगी।
-
नकली पनीर के लिए पहले से बदनाम है खेड़ा नवादा
खेड़ा नवादा इलाके में कई साल से नकली पनीर बनाया जा रहा है। तमाम लोगों ने जगह-जगह इसकी भट्ठियां भी लगा रखी हैं। कई घरों में ये धंधा वर्षों से चल रहा है। यह पनीर जिले के अलग-अलग इलाकों में और बरेली मुरादाबाद तक सप्लाई किया जाता है।
-
नकली पनीर बनाने में माहिर हैं सालारपुर के कारीगर
शनिवार को पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने तीन स्थानों पर छापा मारा। यहां अनीस के घर से काफी मात्रा में पनीर बरामद हुआ है। ये पनीर सालारपुर निवासी राशिद और दिलावर बना रहे थे। जबकि ये पूरा धंधा अनीस की देखरेख में चल रहा था। इसके अलावा दूसरे स्थान पर सालारपुर निवासी अनिल और उसका पिता महेंद्र पनीर बना रहा था। ये लोग पनीर बनाने में माहिर बताए जा रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें