फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बरेली के कपड़ा व्यापारी से दिनदहाड़े साढ़े आठ लाख लूटे

विज्ञापन
मलगांव रेलवे क्रॉसिंग के पास पीड़ित व्यापारी के साथ मामले की जानकारी करते एसएसपी। संवाद - फोटो : BADAUN
विज्ञापन
बदायूं। बरेली-बदायूं हाईवे पर बृहस्पतिवार शाम मलगांव रेलवे क्रॉसिंग के नजदीक बाइक सवार तीन बदमाशों ने बरेली के कपड़ा व्यापारी की कार को बाइक से ओवरटेक कर रोक दिया। उनकी कार का आगे से शीशा तोड़ दिया। फिर व्यापारी और उनके ड्राइवर पर तमंचा तानकर साढ़े आठ लाख रुपये लूट ले गए। सूचना पर एसएसपी समेत सभी पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। देर रात तक बदमाशों को तलाश किया जाता रहा लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
विज्ञापन

बरेली के सिंधु नगर कॉलोनी निवासी हिमांशु रेडीमेड कपड़ों के थोक व्यापारी हैं। बदायूं जिले में उनका कई दुकानों पर माल आता है। दुकानदार मोबाइल पर कपड़ा बुक करा देते हैं और वह ट्रांसपोर्ट से उनका माल भेज देते हैं। बृहस्पतिवार को हिमांशु अपनी कार से पेमेंट लेने बदायूं आए थे। हिमांशु के मुताबिक उन्होंने लक्ष्मी लॉन व उसके आसपास कई दुकानों से पेमेंट लिया। शाम पांच बजे वह बरेली लौट रहे थे। उनकी कार मोहल्ले का ही ड्राइवर आशीष चला रहा था। बताते हैं कि कार बरेली-बदायूं हाईवे पर मलगांव रेलवे क्रॉसिंग के नजदीक पहुंची थी कि तभी बाइक पर सवार तीन बदमाश उनका पीछा करते हुए मलगांव रेलवे क्रॉसिंग पहुंच गए। उन्होंने ओवरटेक करते हुए उनकी कार रुकवा ली। दो बदमाशों ने बाइक से उतरकर तमंचा निकाल लिया। एक बदमाश ने कार के अगले शीशे पर तमंचे की बट मार दी, जिससे वह टूट गया। जबकि दूसरे बदमाश ने व्यापारी को निशाने पर ले लिया। उन्होंने तमंचा दिखाकर दोनों लोगों को कार से नीचे उतार लिया। व्यापारी ने काले बैग में साढ़े आठ लाख रुपये का पेमेंट रख रखा था। बदमाशों ने यह बैग लूट लिया और उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए बदायूं की ओर भाग गए।
व्यापारी कार से बिनावर थाने पहुंचे और उन्होंने पुलिस को वारदात की जानकारी दी। पुलिस उन्हें घटनास्थल पर ले गई। वहीं एसएसपी डॉ. ओपी सिंह, एसपी सिटी प्रवीन सिंह चौहान और सीओ सिटी आलोक मिश्रा पहुंच गए। उन्होंने व्यापारी व उनके ड्राइवर से अलग-अलग घटना की जानकारी ली। देर रात तक बदमाशों को तलाश किया जाता रहा लेकिन किसी तरह का सुराग हाथ नहीं लगा। पुलिस ने व्यापारी को कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
विज्ञापन

-
व्यापारी हिमांशु बदायूं से पेमेंट लेकर बरेली लौट रहे थे। इसी दौरान उनके साथ लूट हुई है। व्यापारी और उनके ड्राइवर से जानकारी ली गई है। फिलहाल उनके मुताबिक जांच कराई जा रही है। इसके लिए दो टीमों को लगा दिया गया है। बदमाशों को पकड़ने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।
- प्रवीन सिंह चौहान, एसपी सिटी
जोगीपुरा से व्यापारी के पीछे लगे थे बदमाश, सात किलो मीटर दौड़ाई बाइक
बदायूं। बरेली-बदायूं हाईवे पर कपड़ा व्यापारी से साढ़े आठ लाख रुपये लूटने वाले बदमाश शहर के जोगीपुरा इलाके से पीछे लगे थे। पुलिस का अनुमान है कि व्यापारी ने जोगीपुरा इलाके की कई दुकानों से पेमेंट उठाया था। इसी दौरान बदमाश पीछे लग गए थे और रुपये लूटने के लिए उन्होंने सात किमी बाइक दौड़ाई।
शहर कोतवाली क्षेत्र में जोगीपुरा इलाके के तमाम दुकानदार बरेली के व्यापारी हिमांशु से कपड़ा खरीदते हैं। इससे व्यापारी का जोगीपुरा आना जाना रहता है। बृहस्पतिवार शाम जिस तरह व्यापारी से हाईवे पर साढ़े आठ लाख रुपये लूट लिए गए, उससे पुलिस यही अनुमान लगा रही है कि बदमाशों को अच्छी तरह पता था कि व्यापारी हिमांशु बड़ी रकम लेकर बरेली लौट रहा है। शायद जोगीपुरा इलाके में उसे पेमेंट लेने के दौरान बदमाशों ने देख लिया था। तभी बदमाश उसके पीछे लग गए थे। इससे बदमाशों ने मलगांव तक अपनी बाइक दौड़ाई और रेलवे क्रॉसिंग के नजदीक जाकर साढ़े आठ लाख रुपये लूट लिए।
इस घटना के बाद एक पुलिस टीम रात करीब नौ बजे जोगीपुरा पहुंची। पुलिस ने कई दुकानदारों से जानकारी ली। इस दौरान कुछ दुकानदार अपनी दुकानें बंद करके घर जा चुके थे। इससे पुलिस को पूरी जानकारी नहीं मिल सकी। फिलहाल पुलिस छानबीन में लगी है लेकिन देर रात तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा था।
-
हाईवे पर व्यापारियों को निशाना बना रहे लुटेरे
बाइक सवार बदमाशों के लिए हाईवे मुफीद साबित हो रहे हैं। कुछ दिन पहले बदमाशों ने बरेली हाईवे पर एक बैंक कर्मचारी की बाइक लूट ली थी। हालांकि बाद में ये मामला चोरी का बता दिया गया था। दातागंज रोड से मां-बेटे से डेढ़ लाख रुपये लूटे गए। जबकि मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर फैजगंज बेहटा इलाके के गांव परमानंदपुर गांव से गल्ला व्यापारी से साढ़े पांच लाख रुपये लूट लिए गए लेकिन अब तक किसी लूट का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस इसमें कई लोगों को पकड़कर छोड़ चुकी है। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें