बदायूं। शहर कोतवाली पुलिस की सुस्ती से अपराधियों के हौसले बढ़ते जा रहे है। आठ दिन पहले जिस बाइक मिस्त्री को निर्वस्त्र कर पीटा गया था। अब उसके घर पर चढ़कर फायरिंग करने का मामला सामने आया है। आरोपी तमंचे लहराते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं। इस संबंध में तहरीर भी दी गई लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया।
मोहल्ला सोथा निवासी शिब्बू बाइक मिस्त्री हैं। वह लालपुल इलाके में बाइक मरम्मत की दुकान चलाते हैं। पिछली 24 मार्च को उनके ऊपर हमला हुआ था। उनके मोहल्ले के वसीम ने उन्हें कॉल करके बुलाया था। तभी जामा मस्जिद चौराहे पर उनके साथ मारपीट की गई। आरोपियों ने उनके कपड़े तक फाड़ दिए थे। फिर निर्वस्त्र करके पिटाई लगाई गई थी। मोबाइल तोड़ दिया गया। इस संबंध में कोतवाली पुलिस ने बमुश्किल मामला दर्ज किया। इससे आरोपी और बौखला गए। कई बार बाइक मिस्त्री को घेरने की कोशिश की गई। जब बाइक मिस्त्री उनके हाथ नहीं आया तो आरोपी रात के समय उसके घर पर चढ़ आए। उन्होंने शिब्बू के घर पर चढ़कर फायरिंग कर दी और तमंचे लहराते हुए फरार हो गए। ये पूरा मामला आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। इस संबंध में शिब्बू ने कोतवाली में तहरीर भी दी है लेकिन पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल नहीं भेजा है।
---------------
मामला मेरी जानकारी में नहीं है। अगर फायरिंग करने का मामला है और सीसीटीवी कैमरे में आरोपी कैद हुए हैं तो इस मामले की कार्रवाई जरूर कराई जाएगी।
-प्रवीन सिंह चौहान, एसपी सिटी