बदायूं। बरेली-बदायूं हाईवे पर लूट की बात करने वाले फील्ड ऑफिसर ने लिखकर दिया है कि उसके साथ लूटपाट नहीं हुई थी। वह हाईवे पर बाइक खड़ी करके सड़क किनारे नीचे लघुशंका करने के लिए उतर गया। जब लौटकर आया, तब तक उसकी बाइक चोरी हो गई। पुलिस ने इस तहरीर पर बाइक चोरी में मामला दर्ज कर लिया है।
दो दिन पहले निजी बैंक के फील्ड ऑफिसर नीरज वर्मा ने अपने घर भमोरा लौटते समय कहा था कि कुछ बाइक सवार बदमाशों ने हाईवे पर उनकी बाइक, मोबाइल और 26 हजार रुपये लूट लिए। इसकी सूचना पर दो थानों की पुलिस चकरघिन्नी बन गई थी। सुबह तक ये भी चलता रहा था कि मामला सिविल लाइंस थाने का है या बिनावर थाने का। हालांकि दूसरे दिन इसका खुलासा हो गया कि मामला बिनावर थाने का था। इसमें चौंकाने वाली बात ये रही कि रात के समय जिसने लूटपाट का शोर मचाया। वही इस मामले में बैकफुट पर आ गया। नीरज वर्मा ने पुलिस को लिखकर दिया कि वह अपने घर भमोरा लौट रहे थे। इसी दौरान पौ गौटिया और मलगांव रेलवे क्रासिंग के बीच उन्हें लघु्शंका लगी। इससे उन्होंने हाईवे किनारे बाइक खड़ी कर दी और चाबी उसी में लगी रहने दी। वह लघुशंका करने के लिए नीचे उतर गए। जब वापस आए, तब तक उनकी बाइक नदारद थी। अब चर्चा ये है कि उन्होंने ये तहरीर पुलिस के दबाव में दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
------------------
बैंक कर्मचारी ने जो तहरीर दी थी। उसके अनुसार बाइक चोरी का मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल इसकी जांच कराई जा रही है। इसमें जो सच्चाई निकलकर सामने आएगी, उसके आधार पर कार्रवाई होगी।
- प्रवीन सिंह चौहान, एसपी सिटी