धर्मशाला विवाद में जानकारी देते वाल्मीकि समुदाय के लोग। संवाद
- फोटो : BADAUN
उझानी (बदायूं)। बहादुरगंज मोहल्ले में वाल्मीकि धर्मशाला की भूमि पर निर्माण को लेकर दो पक्षों के सजातीय लोग आमने-सामने आ गए। उन्होंने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाया तो हंगामा हो गया। मामला कोतवाली पहुंचा तो दोनों पक्ष ने एक-दूसरे पर गालीगलौज का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर भी सौंप दी।
मोहल्ले के सजातीय लोगों और महिलाओं के साथ कोतवाली पहुंचे गौरव वाल्मीकि ने पुलिस को बताया कि समाज की एक धर्मशाला है। पिछले दिनों में उसे तुड़वाकर एक व्यक्ति ने जानवरों के लिए बाड़ा बनवाने का काम शुरू कर दिया। जबकि नए सिरे से निर्माण के लिए समाज के लोगों के कहने पर वह ईंट और सीमेंट दान कर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि बाड़ा निर्माण कराने वाले व्यक्ति ने ईंटें लेने से भी इनकार कर दिया। वह धर्मशाला की भूमि पर कब्जा करने की नीयत से ही निजी निर्माण करवा रहा है। आरोप लगाया कि शिकायत करने पर गाली-गलौज की।
दूसरे पक्ष की ओर से बबलू पुत्र सोबरन वाल्मीकि ने तहरीर में धर्मशाला की भूमि निजी बताई। बकौल बबलू- समाज हित में वह निर्माण करा रहा है लेकिन समाज के ही कुछ लोगों ने अड़ंगेबाजी शुरू कर दी है। वह नहीं चाहता कि निर्माण कार्य में दूसरों से आर्थिक मदद ली जाए। इसी बात पर कुछ लोगों ने मौके पर आकर गाली-गलौज की। प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि धर्मशाला को लेकर वाल्मीकि समुदाय के दो पक्षों की ओर से शिकायत की गई है। शिकायत के आधार पर हकीकत का पता कराया जा रहा है। संवाद