उझानी में आमने-सामने से भिड़ीं ईको कारें। संवाद
- फोटो : BADAUN
उझानी (बदायूं)। अलीगढ़ शादी में शामिल होने के लिए कुंवरगांव से जा रही कार और सवारियां बैठाकर बरेली को जा रही कार की आमने-सामने टक्कर में 12 लोग घायल हो गए। मामूली रूप से घायल पांच सवारियां प्राथमिक उपचार कराकर गंतव्य के लिए निकल गईं। सात लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया है। हादसे की वजह घना कोहरा बताया जा रहा है।
बरेली-मथुरा हाईवे पर हादसा शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे गांव छतुइया के पास हुआ। कुंवरगंज थाना क्षेत्र के गांव दुगरैय्या निवासी ऋषिपाल गुप्ता के साढू अलीगढ़ में रहते हैं। साढू के बेटे की शादी में शामिल होने के लिए ऋषिपाल और कोतवाली क्षेत्र के गांव सतीश गुप्ता के परिवार वाले बुकिंग पर ईको कार लेकर यहां से तड़के निकले। रेलवे फाटक मोड़ के पास घने कोहरे में सामने से अचानक ही दूसरी ईको कार आ गई। दोनों के चालक कुछ समझ पाते, उससे पहले दोनों वाहन आपस में भिड़ गए। टक्कर लगते ही दोनों वाहन सवारों में चीख-पुकार मच गई। यह देख अन्य वाहन भी मौके पर रुक गए। घायलों को कारों से बाहर निकाल कर एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
घायलों में दुगरैय्या निवासी चालक अमन गुप्ता (22), मयंक (19) पुत्र ऋषिपाल, उसका छोटा भाई देव और मां नीरजा कुमारी (46), अनुराधा (42) पत्नी सतीश कुमार, दूसरी कार सवारों में बरेली में फरीदपुर निवासी चालक मोहम्मद शोएब (30) पुत्र जावेद अहमद, अलीगढ़ में सासनी गेट निवासी चिराग सक्सेना (27) पुत्र स्व. ओमप्रकाश भी लहूलुहान हो गए। चिराग अलीगढ़ से यूपीपीसीएल में आरओ की परीक्षा देने के लिए बरेली जाने को निकला था। बरेली की ईको कार में पांच अन्य सवारियां भी जख्मी हुई हैं लेकिन वह निजी क्लीनिक पर इलाज कराकर चले गए। बाकी के घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्साधिकारी निरंजन सिंह ने उपचार किया। बाद में शोएब, अनुराधा, चिराग समेत पांच लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। संवाद