दातागंज (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के गांव धनौरा में मंगलवार को घुमंतू पशुओं के खेत में घुसने पर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। जिसमें दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया है।
मंगलवार दोपहर धनौरा गांव निवासी पुष्पेंद्र के खेत में कुछ घुमंतू पशु घुस गए। इस पर वह लाठी लेकर खेत पर पहुंच गए और सभी पशुओं को खेत से निकालकर बाहर कर लिया लेकिन पशु उनके पड़ोसी प्रमोद के खेत में घुस गए। कुछ देर बाद प्रमोद भी खेत पर पहुंच गए। उन्होंने पुष्पेंद्र पर अपने खेत में पशुओं को घुसाने का आरोप लगाया। इससे दोनों पक्षों में विवाद हो गया। गालीगलौज करते हुए उनके बीच लाठी-डंडे चल गए। इसमें एक पक्ष के प्रमोद और दूसरे पक्ष के पुष्पेंद्र, उनकी पत्नी ऊषा, मां रमा घायल हो गईं। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया। इसमें पुष्पेंद्र ने दूसरे पक्ष के खिलाफ तहरीर दी है। जिस पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद