उझानी (बदायूं)। पति की मौत के बाद परिवार के लोगों के साथ गंगाघाट पर दीप प्रवाहित करने के लिए पहुंची महिला के परिजन को उचक्कों ने शिकार बना लिया। दीप प्रवाहित करते समय घाट पर रखे कपड़ों और पेंटों को कोई उचक्का उठा ले गया। पेंटों की जेब में 22 हजार रुपये और दो मोबाइल भी रखे थे।
घटना मंगलवार शाम कछला घाट पर हुई। बिल्सी के मोहल्ला नंबर-एक निवासी वेदराम पाली के बेटे का पिछले महीने निधन हो गया था। धार्मिक मान्यता के अनुसार मृतक की पत्नी अपने परिवार के दो-तीन लोगों के साथ घाट पर पहुंची। महिला ने स्नान के बाद गंगा में दीप प्रवाहित किया। परिवार के गंगा सिंह और एक अन्य रिश्तेदार ने अपने कपड़े घाट पर रख दिए और गंगा में दीप प्रवाहित करने चले गए। लौटे तो घाट पर रखे कपड़े नहीं थे। उन्होंने दुकानदारों से भी जानकारी की लेकिन सुराग नहीं लग पाया। महिला के परिजन में मोर सिंह पाली ने बताया कि गंगा सिंह की पेंट की जेब में 12 और रिश्तेदार की पेंट की जेब में 10 हजार रुपये और मोबाइल रखे थे। गंगा सिंह ने कछला चौकी पर पुलिसकर्मियों को भी अवगत कराया। संवाद