बदायूं। कुंवरगांव थाना क्षेत्र के पनौटा गांव में किशोरी की मौत को लेकर ऑनर किलिंग का शक और गहरा हो गया है। किशोरी के परिवार वाले घर पर ताला डालकर फरार हो गए हैं। ये भी बताया जा रहा है कि जहां किशोरी के शव का अंतिम संस्कार किया गया था उस जगह को खोदकर खेत में मिला दिया गया है।
तीन दिन पहले कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव पनौटा में एक किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। शक की सुई तब घूमी परिवार वालों की ओर घूमी जब उन्होंने किशोरी के शव का चुपचाप अंतिम संस्कार कर दिया। उन्होंने जिस जगह किशोरी का अंतिम संस्कार किया था उस जगह को भी खोदकर खेत में मिला दिया। बताते हैं कि सूचना पर थाना पुलिस भी गांव पहुंची थी लेकिन कोई परिवार का व्यक्ति घर पर नहीं मिला।
बताया जा रहा है कि किशोरी के परिवारवाले भी घर पर ताला डालकर कहीं फरार हो गए हैं। इस मामले में पुलिस को भी किसी ने तहरीर नहीं दी है। इससे पुलिस भी सच्चाई की तह तक जाने से बचती दिखाई दे रही है। बहरहाल इस घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चा हो रही है। इस संबंध में एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने बताया कि मामले के संबंध में कोई शिकायत नहीं आई है। संवाद