बदायूं। नए कोरोना संक्रमितों की संख्या में कमी और स्वस्थ होने वालों की संख्या में इजाफा होने लगा है। करीब एक महीने के बाद बुधवार को ऐसा दिन रहा जब जिले में मिलने वाले नए संक्रमितों की संख्या 20 से कम रही है। बुधवार को जिले में 17 संक्रमित मिले। इसके साथ ही 78 संक्रमित स्वस्थ भी हुए।
पिछले दिनों कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ़ने के कारण जिले में सक्रिय संक्रमितों की संख्या बढ़ कर एक हजार के पार हो गई थी। अब कुछ दिनों से नए मिलने वाले संक्रमितों की संख्या तेजी से कम हो रही है। ऐसे में जिले में सक्रिय संक्रमितों की संख्या अब तीन सौ से नीचे आ गई है। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने जिले में अलग-अलग स्थानों से 1700 से ज्यादा लोगों के सैंपल लिए थे। इनकी रिपोर्ट बुधवार को आ गई। इनमें कुल 17 संक्रमित पाए गए हैं। संक्रमितों के संपर्क में आने वाले 89 लोगों को ट्रैस करने के बाद उनके सैंपल लेकर जांच को भेजा गया है। कांट्रैक्ट एंड ट्रेसिंग ऑफिसर कोविड़- 19 डॉ. रजनीश शर्मा ने बताया कि संक्रमितों की संख्या अब कम हो रही है। हालांकि, संक्रमण की रफ्तार फिर से बढ़ सकती है। ऐसे में सावधानी बेहद जरूरी है। संवाद