बदायूं। गुप्ता दंपती हत्याकांड में आरोपी योगेश का नारको टेस्ट कराने का रास्ता साफ हो गया है। जल्द ही सीबीआई टेस्ट कराएगी।
साल 2015 में सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कटरा ब्राहमपुर निवासी रिटायर्ड इंजीनियर ब्रजेंद्र गुप्ता और उनकी पत्नी शन्नो गुप्ता की पेचकस से गोदकर हत्या कर दी गई थी। तीन दिन बाद उनके शव काफी खराब हालत में पड़े मिले थे। तब से सीबीआई इस मामले की जांच कर रही है। करीब छह माह पहले इस हत्याकांड का खुलासा हो चुका है। इसमें मुख्य आरोपी आत्महत्या कर चुके ब्राहमपुर मोहल्ले के उदय प्रकाश वर्मा को माना गया है। जबकि उसके भाई योगेश वर्मा को सह आरोपी बताया गया। 21 नवंबर को सीबीआई ने योगेश वर्मा को जेल भेजा था।
सीबीआई ने योगेश और उसके परिवार वालों को नारको और पॉलीग्राफी टेस्ट कराने के लिए नोटिस दिया था। तब योगेश ने यह टेस्ट कराने से इनकार कर दिया था लेकिन अब योगेश ने हामी भर दी है। सीबीआई ने टेस्ट कराने की तैयारी शुरू कर दी है। माना जा रहा आठ-दस दिन में टेस्ट हो जाएगा। संवाद