सहसवान (बदायूं)। करीब ढाई माह पहले एक निजी अस्पताल के गार्ड की चोरी हुई लाइसेंसी बंदूूक और 14 कारतूस बरामद करने के साथ ही पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
सहसवान के गांव लदपुरा निवासी रामवीर सिंह भवानीपुर खल्ली जाने वाले रास्ते पर एक निजी अस्पताल में सुरक्षा गार्ड है। छह नवंबर 2021 की रात वह सो रहा था। इसी दौरान किसी ने उसकी बंदूक चोरी कर ली। पुलिस ने कई दिन तक उसे टहलाया। खबर छपने के बाद मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू की। एक सूचना के आधार पर पुलिस ने अलेहदादपुर के ओमपाल को हिरासत में ले लिया। उससे सख्ती के साथ पूछताछ की तो उसने बंदूक चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस को यह भी बताया कि उसे रुपयों की जरूरत थी। ऐसे में बंदूक चोरी करने के बाद उसने बाजिदपुर निवासी मान सिंह को 15 सौ रुपये में बेच दी। इसके बाद पुलिस ने मानसिंह को भी गिरफ्तार कर लिया। बंदूक और 14 कारतूस भी बरामद हो गए। दोनों आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया है।