बदायूं। लग्जरी गाड़ियों में हॉकी स्टिक और लाठी-डंडे लेकर घूम रहे भारतीय राष्ट्रीय पार्टी (भारापा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरपी मौर्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दो लग्जरी गाड़ियों फार्चुनर और पजेरो को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।
बिल्सी पुलिस की टीम मंगलवार को स्टेटिक मजिस्ट्रेट और उड़न दस्ते के साथ इलाके में भ्रमण पर थी। टीम की नजर अंबियापुर तिराहा के पास तेजी से आ रही पजेरो और फार्चुनर गाड़ियों पर पड़ी। दोनों गाड़ियों को रोका गया। पूछताछ की गई तो फर्चुनर कार में सवार आरपी मौर्य ने खुद को भारापा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बताया। गाड़ियों की तलाशी ली गई तो इनमें कई हॉकी स्टिक के साथ लाठी-डंडे भी मिले। इसी दौरान आरपी मौर्य स्टेटिक मजिस्ट्रेट अजय कुमार से उलझ भी गए। उनके साथ अभद्रता कर दी। इसके बाद पुलिस ने दोनों गाड़ियों को कब्जे में लेने के बाद आरपी सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरपी सिंह खुद को मूल रूप से अयोध्या का निवासी बता रहा है। देर रात पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली। संवाद