बिसौली (बदायूं)। कस्बे के मोहल्ला कच्ची सराय में जनसभा की कवरेज करने गए पत्रकार से कुछ लोगों ने मारपीट कर दी। इस मामले में बिसौली कोतवाली में भाजपा विधायक कुशाग्र सागर समेत सोलह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। चैनल पत्रकार विपिन यादव ने विधायक के इशारे पर हमले का आरोप लगाया है वहीं विधायक का कहना है कि वह समर्थक के घर खाना खाने गए थे। वहां पत्रकार कवरेज को पहुंचे तो मना करने पर समर्थकों से मामूली नोकझोंक हो गई।
शुक्रवार रात लगभग साढ़े नौ बजे मोहल्ला सराय में अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों के एक कार्यक्रम में विधायक कुशाग्र सागर पहुंचे थे। कार्यक्रम की कवरेज करने पत्रकार विपिन यादव भी अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे थे। विपिन के मुताबिक वह अपने साथियों के संग विधायक के कार्यक्रम की कवरेज को गए थे। उनका आरोप है कि वहां विधायक के इशारे पर कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। उनके मोबाइल व कैमरे तोड़ दिए। बाद में वह लोग धमकी देते चले गए। रात में ही विपिन यादव ने घटना की तहरीर कोतवाली जाकर दी। पुलिस ने मामले में विधायक समेत 16 लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सीओ शक्ति सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जांच के बाद मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।
-
मैं मोहल्ला सराय में एक मुस्लिम समर्थक के घर भोज करने आया था। इसी दौरान बाहर खड़े युवकों का संबंधित पत्रकार के साथ वीडियो बनाने पर विवाद हो गया। मैं जब तक बाहर आया सभी लोग जा चुके थे। मेरा इस विवाद से कोई लेना देना नहीं है। बेवजह मेरा नाम मामले में घसीटा जा रहा है।
- कुशाग्र सागर, विधायक