सब्बल से उठाया गया सराफा व्यापारी की दुकान का शटर। संवाद
- फोटो : BADAUN
दहगवां। सराफ की दुकान का शटर तोड़ने के बाद चोरों ने यहां से तिजोरी चोरी कर ली। इसके बाद दुकान से करीब आधा किलोमीटर दूर खेतों में तिजोरी तोड़ने के बाद इसमें रखी 12 हजार की नकदी समेत करीब ढाई लाख के जेवर चोरी कर लिए। खाली तिजोरी को खेतों में ही छोड़ कर भाग गए।
थाना जरीफनगर के कस्बा दहगवां निवासी नरेश चंद्र वर्मा की मुख्य बाजार में सराफ की दुकान है। इसी दुकान में क्लॉथ स्टोर भी है। इसके पीछे उनका घर है। रोज की तरह बृहस्पतिवार रात दुकान बंद करने के बाद नरेश अपने घर चले गए। रात में किसी वक्त चोरों ने दुकान का शटर सब्बल से उठा लिया। इसके बाद अंदर घुस गए। चोरों ने यहां से दुकान में रखी भारी-भरकम तिजोरी उखाड़ ली और आसानी से चले भी गए। इसी दौरान मुख्य बाजार से गश्त करती हुई पुलिस पार्टी गुजरी। पुलिस कर्मियों ने आधी रात को दुकान का शटर खुला देखकर नरेश को जगाया।
नरेश दुकान पर पहुंचे तो दंग रह गए, तिजोरी गायब थी। इसके बाद रात में ही पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। शुक्रवार सुबह सीओ सहसवान चंद्रपाल सिंह ने भी मौका मुआयना किया। शुक्रवार शाम तिजोरी करीब आधा किलोमीटर की दूरी पर एक पब्लिक स्कूल के पास खेतों में पड़ी मिली। इससे नकदी और जेवर गायब थे। नरेश चंद्र वर्मा की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-
सर्द रातों में बढ़ने लगीं चोरी की घटनाएं
बदायूं। कोहरे के बीच सर्द रातों में इन दिनों चोरी की घटनाओं में इजाफा हो गया है। दो दिन पहले सिलहरी गांव में चोरों ने पशुशाला से चार पशु चुरा लिए थे। इससे पहले कुंवरगांव में चोरों ने एक दुकान से कई हजार का माल साफ कर दिया। शहर के गांधी नगर मोहल्ले में चोरों ने मंगलवार रात शिक्षक के घर को निशाना बनाया था। कई अन्य स्थानों पर भी इन दिनों चोरियों के मामले सामने आ चुके हैं। दहगवां का ताजा मामला है। गौर करने वाली बात यह है कि यहां मुख्य बाजार में चोरों ने पुलिस गश्त के दौरान ही दुकान को निशाना बनाया। संवाद
-
मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मैंने मौका मुआयना करने के बाद सराफ से भी बात की है। पुलिस ने ही सराफ की दुकान का शटर खुला देखकर उसे सूचना दी थी। सराफ के मुताबिक करीब ढाई लाख का माल गया है। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।
-चंद्रपाल सिंह, सीओ सहसवान