बिल्सी के गांव जरावन में घटना स्थल पर जांच करते सीओ-कोतवाल। संवाद
- फोटो : BADAUN
बिल्सी। कोतवाली क्षेत्र के गांव जरावन में मंगलवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सीओ बलदेव सिंह खनेड़ा एवं कोतवाल दिनेश कुमार शर्मा ने घटना स्थल का मुआयना किया।
गांव निवासी विपिन कुमार की शादी दो साल पहले क्षेत्र के गांव नगला दंपत निवासी फूलसिंह की पुत्री रामरति के साथ हुई थी। बताते हैं कि तीन दिन पहले रामरति के एक बच्चा पैदा हुआ था जिसकी थोड़ी देर बाद मौत हो गई। इसके बाद रामरति का स्वास्थ्य खराब हो गया। उसने भी दम तोड़ दिया। गांव के कुछ लोगों ने इसकी उसके मायके वालों को सूचना दी। इसके बाद उन्होंने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद सीओ बलदेव सिंह खनेड़ा पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने सबसे पहले घटना की विस्तार से परिवार के लोगों से जानकारी ली और घटना स्थल का मौका मुआयना किया। साथ ही मृतका के शव को पोस्टमार्टम को भेजा। पुलिस जांच करने में जुट गई है। सीओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जो कारण आएगा, उसी के आधार पर कार्रवाई होगी। संवाद