दायूं। सगे भाई से ही धोखाधड़ी का एक मामला प्रकाश में आया है। बहन ने भाई की बेटी को नौकरी दिलाने के बहाने न सिर्फ रुपये ठगे बल्कि फोटो और कुछ जरूरी कागजात लेकर उसके कोर्ट मैरिज के कागजात भी तैयार करा लिए। जब भाई को इसकी जानकारी हुई तो उन्हें बड़ा धक्का लगा। इस पर उन्होंने बहन, भांजे और भांजी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मीरा जी चौकी निवासी भूप सिंह की सगी बहन महारानी बरेली के आंवला कोतवाली क्षेत्र के गांव रंपुरा में ब्याही है। भूप सिंह के मुताबिक उनकी बहन महारानी, भांजे चंद्रप्रकाश और भांजी फूलवती उसके घर आते-जाते थे। कुछ समय पहले उनकी भांजी उनकी 18 वर्षीय बेटी की अपने भाई से शादी कराने के लिए बहला फुसला रही थी। करीब छह माह पहले फूलवती और चंद्रप्रकाश उनके घर आए। वह उनकी बेटी को एकांत में ले गए और उसके फोटो लिए और कुछ कागजों पर हस्ताक्षर कराए। जब उन्होंने इसके बारे में पूछा तो भांजे ने बताया कि वह उनकी बेटी की नौकरी लगवा रहे हैं।
उस दौरान वह रिश्तेदारों की चालाकी नहीं समझ पाए। उन्हें बाद में पता चला कि चंद्रप्रकाश ने उनकी बेटी से शादी करने के लिए कोर्ट मैरिज के फर्जी कागजात तैयार करा लिए हैं। उनकी बहन ने कॉल करके बेटी को भेजने को कहा। बोली नहीं भेजोगे तो उसके पास न्यायालय के कागजात हैं। वह उनके खिलाफ कार्रवाई कराएगी। उन्हें कॉल करके जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस पर भूप सिंह ने चंद्रप्रकाश, उसकी मां और बहन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद