बिसौली (बदायूं)। संभल जिले के नगर चंदौसी की एक ट्रांसपोर्ट से व्यापारियों का सामान से भरा कैंटर चोरी हो गया। कैंटर में लगभग ढाई लाख का माल बताया जा रहा है। ड्राइवर ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।
नगर के मोहल्ला गुलाबबाग निवासी रामवीर चंदौसी के एक ट्रांसपोर्ट पर बतौर ड्राइवर काम करता है। बुधवार रात लगभग दस बजे रामवीर कैंटर में उझानी, बिल्सी आदि स्थानों के चार व्यापारियों का माल भरकर चंदौसी से अपने घर आ गया। चालक के अनुसार उसने कैंटर इतवार नखासा निकट धुबिया ताल पर खड़ा कर दिया। बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे जब वह वहां पहुंचा तो कैंटर गायब मिला। घबराए ड्राइवर ने 112 डायल को कॉल कर मामले की सूचना दी तो पुलिस मौके पर पहुंच गई। रामवीर के मुताबिक कैंटर में लगभग ढाई लाख से ज्यादा का माल है।
पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को मामले की तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक ऋषिपाल सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।
-
पशुशाला का ताला तोड़कर दो भैंसें चोरी, जंगल में मिलीं
बिनावर (बदायूं)। बुधवार रात बिनावर कस्बे में पशुशाला का ताला तोड़कर दो कीमती भैंसें चोरी हो गईं।
कस्बा निवासी राजीव सागर की दो भैंसे पशुशाला में बंधीं थीं। वह बृहस्पतिवार सुबह अपने जानवरों को चारा डालने पहुंचे तो पशुशाला का ताला टूटा देखकर दंग रह गए। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना थाना पुलिस को दी। इधर, थाना पुलिस को सूचना मिली कि रसूलपुर गांव के जंगल में दो भैंसें मिली हैं। सूचना पर पुलिस पहुंच गई और उनका पता लगाया तो वह कस्बे के राजीव सागर की निकलीं। पुलिस ने दोनों भैंसें राजीव को सौंप दी हैं। उन्हें चोरी किसने किया था। पुलिस इसकी जांच कर रही है। संवाद
-
मंदिर के ताले तोड़कर हजारों का सामान चोरी
रुदायन। थाना इस्लामनगर के ग्राम नगला बारह स्थित मंदिर से चोरों ने हजारों का माल चुरा लिया। बृहस्पतिवार सुबह जब पुजारी ने मंदिर खोला तो घटना की जानकारी हुई। पुलिस को तहरीर दी गई है।
गांव स्थित हनुमान मंदिर में बुधवार रात किसी समय चोर घुस गए और घंटे, एक बैटरी, दानपात्र में रखे गए रुपये चुरा लिए। बृहस्पतिवार सुबह पुजारी मंदिर खोलने पहुंचे तो अंदर सारा सामान अस्त व्यस्त देखा। कमरे का ताला टूटा हुआ था। मंदिर परिसर में एक नई बैटरी लगाई गई थी वह भी नहीं थी। बता दें इससे एक दिन पहले कस्बा स्थित श्री शनि मंदिर से भी चोरों ने काफी सामान चुरा लिया था। बुधवार रात हुई घटना की भी तहरीर पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना भी किया। संवाद