बगरैन (बदायूं)। वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव बरीपुरा में रविवार दोपहर पुआल काटते समय कुटी मशीन में फंसकर 22 वर्षीय गजेंद्र की मौत हो गई। सूचना पर एकत्र हुए ग्रामीणों ने बमुश्किल मशीन खोलकर शव को निकाला। बाद में पहुंची पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र के गांव अगेई निवासी गजेंद्र अपना ट्रैक्टर और कुटी मशीन चलाकर परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। गजेंद्र रविवार सुबह ट्रैक्टर और मशीन लेकर मजदूरी करने को घर से निकला था। वह मशीन लेकर बरीपुरा गांव पहुंचा। जहां बरीपुरा के अशोक कुमार ने अपना पुआल काटने को कहा। इस पर गजेंद्र ने उनके पुआल के ढेर पर मशीन को लगा दिया। उसके बाद इसे शुरू कर दिया।
अशोक के परिवार वाले पुआल उठा-उठाकर मशीन में लगा रहे थे। तभी अचानक मशीन में कचरा फंस गया। इससे पुआल कटना बंद हो गया। यह देखने के लिए गजेंद्र मशीन के नजदीक पहुंचा। वह मशीन को ठीक करने की कोशिश कर ही रहा था कि अचानक उसकी शर्ट मशीन की कपलिंग में फंस गई। इससे गजेंद्र के शरीर का ऊपरी हिस्सा मशीन में फंस गया और पेट और सीना बुरी तरह कुचल गया, इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह देखकर गांव के तमाम लोग आ गए।
उन्होंने किसी तरह मशीन को बंद किया। सूचना पुलिस को दी। मौके पर एकत्र ग्रामीणों ने बमुश्किल मशीन खोलकर युवक का शव निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। संवाद