बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के एक गांव की दो छात्राओं के आपत्तिजनक फोटो फेसबुक पर डाले जाने के मामले प्रकाश में आए हैं। परिवार वालों ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। अब तक यह पता नहीं चला है कि आखिर किसने आपत्तिजनक फोटो डाले हैं।
दोनों पीड़ित छात्राएं एक ही गांव की रहने वाली हैं। उनमें 14 वर्षीय छात्रा शहर के एक विद्यालय में पढ़ती है। उसके पिता का आरोप है कि कुछ दिन पहले फेसबुक पर उनकी बेटी का आपत्तिजनक फोटो डाला गया। इसमें गांव के ही एक युवक का भी एडिट कर फोटो लगाया गया। जब उन्हें इसके बारे में पता चला तो उन्होंने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
इसी क्रम में इसी गांव की एक महिला का कहना है कि उनकी 22 वर्षीय बेटी स्नातक की छात्रा है। किसी ने उसका फोटो एडिट कर फेसबुक पर डाल दिया। छात्रा को कुछ लोगों के माध्यम से इस बात की जानकारी हुई तो उसने इस बारे में उन्हें बताया। इस पर उन्होंने भी रिपोर्ट दर्ज कराई है। फिलहाल थाना पुलिस जांच कर रही है। इस बात का पता नहीं लगा है कि पोस्ट किसने डाली हैं।
-
मामले वास्तव में काफी गंभीर हैं। तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। अलग से टीम लगाकर जांच कराई जाएगी, ताकि खुराफातियों का पता चल सके। कड़ी कार्रवाई होगी।
- प्रवीन सिंह चौहान, एसपी सिटी