बिसौली (बदायूं)। बिसौली इलाके में सक्रिय बदमाशों ने शुक्रवार को दिनदहाड़े लूट की घटना को अंजाम दे डाला। बदमाश दिसौलीगंज की साप्ताहिक बाजार में पहुंचे और फड़ लगाकर अनाज खरीद रहे गल्ला व्यापारी से सवा लाख रुपये लूटकर भाग गए। कुछ लोगों ने बदमाशों का पीछा भी किया पर वे हाथ नहीं लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
वजीरगंज कस्बा निवासी राजेंद्र गुप्ता साप्ताहिक बाजारों में फड़ लगाकर अनाज खरीदने का काम करते हैं। शुक्रवार को उन्होंने बिसौली कोतवाली क्षेत्र में दिसौलीगंज के साप्ताहिक बाजार में फड़ लगाया था। बताते हैं कि राजेंद्र गुप्ता दोपहर के समय अपने बेटे तूनिश गुप्ता और अनुज गुप्ता के साथ अनाज खरीद रहे थे। राजेंद्र गुप्ता एक ग्राहक का हिसाब कर रहे थे। इसी दौरान वहां आए बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उनसे सवा लाख रुपये लूट लिए, यह राशि एक थैले में रखी थी। पास में ही एक बाइक पर दो लोग और खड़े थे। वे बदमाशों के पीछे भागे। काफी दूर तक पीछा भी किया लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
सूचना पर कोतवाली पुलिस और सीओ विनय कुमार सिंह चौहान मौके पर पहुंच गए। बाद में प्रभारी एसएसपी सिद्धार्थ वर्मा भी आ गए। उन्होंने मौके पर पहुंचकर लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली। उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। फिलहाल व्यापारी के बेटे ने पुलिस को तहरीर दे दी है।
-----
तहरीर बदलवाने पर हंगामा, दरोगा ने बाजार मालिक को हवालात में डाला
बिसौली (बदायूं)। गल्ला व्यापारी से दिनदहाड़े हुई लूट के मामले में तहरीर बदलवाने को लेकर कोतवाली में जमकर हंगामा हो गया। इस पर दरोगा खुर्शीद अहमद ने बाजार मालिक को ही हवालात में डाल दिया। इससे मामला और बिगड़ गया। शिकायत पर प्रभारी एसएसपी ने दरोगा को कोतवाली से हटा दिया, सीओ ने भी जांच शुरू कर दी।
लूट के बाद कोतवाली पुलिस गल्ला व्यापारी राजेंद्र गुप्ता के दोनों बेटों तूनिश गुप्ता और अनुज गुप्ता को कोतवाली ले आई। दरोगा खुर्शीद अहमद उनसे घटना के संबंध में तहरीर लिखवा रहे थे, इसी दौरान बाजार मालिक वीरेंद्र सिंह कोतवाली पहुंचे। आरोप लगाया कि दरोगा लूट की घटना की तहरीर टप्पेबाजी में लिखवा रहे हैं। आरोप है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो दरोगा ने उनका गिरेबान पकड़ लिया और अभद्रता की। इससे कोतवाली में जमकर हंगामा हो गया। दोनों ओर से काफी गहमागहमी हो गई। दरोगा ने बाजार मालिक को पकड़कर हवालात में डाल दिया।
जब इसके बारे में अन्य लोगों को पता चला तो वे कोतवाली पहुंच गए। काफी देर तक हंगामा चलता रहा। बाद में सीओ विनय कुमार सिंह चौहान भी कोतवाली आ गए। उनके समझाने पर मामला शांत हुआ और बाजार मालिक को छोड़ा गया। बाजार मालिक ने दरोगा के खिलाफ अलग से तहरीर दी। बताते हैं कि दरोगा खुर्शीद अहमद का बिसौली से सदर कोतवाली में ट्रांसफर हो चुका है लेकिन रिलीव नहीं किया गया था। इस घटना के बाद दरोगा को कोतवाली से हटा दिया गया है।
-
बरेली से बदायूं तक चर्चा में रहे दरोगा
बरेली के बारादरी समेत कई थानों में तैनात रहे दरोगा खुर्शीद अहमद कई बार चर्चा में रहे हैं। कुछ महीने पहले ही उनका बदायूं तबादला हुआ था। यहां उन्हें सिविल लाइंस थाने की महत्वपूर्ण चौकी शेखूपुर का प्रभारी बना दिया गया। उनकी शिकायतें तत्कालीन एसएसपी संकल्प शर्मा तक पहुंचीं तो उन्हें बिसौली ट्रांसफर कर दिया गया। तबादला रुकवाने के उनके प्रयास सफल नहीं हुए तो वह बिसौली चले गए। अब उनका फिर कोतवाली में तबादला हुआ है।
-
दिसौलीगंज की बाजार में बाइक सवार तीन लोग एक व्यापारी के रुपये उठाकर भागे हैं। थैले में रुपये कितने थे, इसकी पुष्टि नहीं हुई है लेकिन व्यापारी करीब एक लाख बता रहे हैं। उसी के आधार पर कार्रवाई कराई जा रही है। दरोगा से तहरीर बदलवाने को लेकर कहासुनी हुई थी। दरोगा ने ये कहा था कि स्पष्ट तहरीर लिखो काट-पीट मत करो। इसी बात पर कहासुनी हुई है। मामले की जांच कराई जा रही है।
- सिद्धार्थ वर्मा, प्रभारी एसएसपी