फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिल्सी सीट पर गरमाएगी राजनीति, महान दल के खाते में जाने का शोर

विज्ञापन
विज्ञापन
बदायूं। बिल्सी विधानसभा सीट को लेकर अचानक राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गईं हैं। दरअसल, महान दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव देव मौर्य के बेटे चंद्र प्रकाश मौर्य ने यहां से चुनाव लड़ने की बात कही है। सपा और महान दल के बीच गठबंधन है। उनका दावा है कि बिल्सी विधानसभा सीट महान दल को मिली है। बिल्सी विधानसभा सीट पर 2017 में भाजपा के आरके शर्मा और 2012 में बसपा के हाजी बिट्टन ने जीत दर्ज की थी। इस बार यहां राजनीतिक समीकरण बदलते हुए दिख रहे हैं।
विज्ञापन

बिल्सी विधानसभा क्षेत्र में मौर्य, शाक्य, कुशवाह बिरादरी के मतदाता निर्णायक भूमिका में हैं। इस बिरादरी के मतदाताओं की संख्या यहां 60 हजार के करीब बताई जाती है। सपा और महान दल के बीच गठबंधन तो हो चुका है, लेकिन सीटों के बंटवारे को लेकर अभी किसी पार्टी की ओर से अधिकारिक बयान नहीं आया है। इस बीच महान दल राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव देव मौर्य के बेटे चंद्र प्रकाश मौर्य ने बिल्सी सीट से चुनाव लड़ने की घोषणा कर माहौल गरमा दिया है। उनका कहना है कि बिल्सी सीट को लेकर सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और महान दल राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव देव मौर्य के बीच बात हो चुकी है।
बिल्सी सीट से चंद्र प्रकाश मौर्य मैदान में आए तो यहां राजनीतिक समीकरण बदलेंगे। इधर, सपा से टिकट हासिल करने के लिए दौड़-भाग कर रहे खेमों में भी हलचल बढ़ गई है। सपा से टिकट के लिए पार्टी के पास फिलहाल चार आवेदन आए हैं। जिलाध्यक्ष के मुताबिक इनमें पूर्व राज्यमंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल के अलावा सपा जिला उपाध्यक्ष उदयवीर शाक्य, जिपं सदस्य ममता शाक्य व एक अन्य का आवेदन है। दातागंज के पूर्व विधायक सिनोद शाक्य के नाम की भी चर्चा है। इन आवेदनों पर हाईकमान की ओर से अभी स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है।
विज्ञापन

-
बाबू सिंह कुशवाह बिल्सी में आज करेंगे जनसभा
बदायूं। विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ विधानसभा सीटों के जातिगत समीकरणों के मद्देनजर छोटे दल भी सक्रिय हो गए हैं। बिल्सी सीट पर मौर्य, शाक्य, कुशवाह बिरादरी के मतदाता ज्यादा हैं। जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबू सिंह कुशवाहा भी बिल्सी में शनिवार को जनसभा को संबोधित करेंगे। विधानसभा चुनाव से पहले बाबू सिंह कुशवाह की नजर भी बिल्सी सीट पर लगी हुई है।
-
सपा और महान दल के बीच गठबंधन है। चुनाव से पहले तमाम तरह की राजनीतिक चर्चाएं होती हैं। बिल्सी विधानसभा सीट महान दल को दिए जाने संबंधी अभी आलाकमान की ओर से कोई जानकारी नहीं मिली है। महान दल के चंद्र प्रकाश मौर्य के बिल्सी से चुनाव लड़ने संबंधी सूचनाएं मीडिया माध्यमों से ही मिल रही हैं। जिसको भी प्रत्याशी बनाया जाएगा पूरी पार्टी एकजुट होकर उसको चुनाव लड़ाएगी। सपा इस बार जिले की सभी छह सीटों पर जीत दर्ज करेगी।
-प्रेमपाल सिंह यादव, सपा जिलाध्यक्ष
-
सपा-महान दल के बीच गठबंधन है। दोनों दलों के राष्ट्रीय अध्यक्षों के बीच बिल्सी सीट को लेकर वार्ता हो गई है। बिल्सी सीट महान दल को मिली है। मैं खुद बिल्सी सीट से चुनाव लडूंगा। यह मेरा पहला विधानसभा चुनाव होगा। सपा-महान दल गठबंधन इस बार बदायूं की सभी छह विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगा। राष्ट्रीय नेतृत्व के स्तर से प्रदेश में अन्य सीटों के बंटवारे को लेकर भी जल्द घोषणा होने की उम्मीद है।
विज्ञापन

-चंद्र प्रकाश मौर्य
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें