बदायूं। शहर में बाइक की एजेंसी दिलाने के नाम पर 28 लाख रुपये की ठगी हुई है। एक व्यक्ति ने एजेंसी के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। जिस पर उससे अलग-अलग मद बताकर खातों में रुपये ट्रांसफर कराए गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में सियाराम नगर कॉलोनी निवासी विमल कुमार सक्सेना ने पिछले माह मोटर साइकिल की डीलरशिप लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। इस पर एक व्यक्ति की कॉल आई। उसने बताया कि वह रविचंद्र बोल रहा है। वह बाइक कंपनी का जूनियर असिस्टेंट कर्मचारी है। डीलरशिप लेने के लिए बैंक स्टेटमेंट, टैक्स रिटर्न और शैक्षिक प्रमाण पत्र देने होंगे। उसने जो मेल आईडी बताई। उस पर उन्होंने अपने कागजात मेल कर दिए। बाद में उसने रजिस्ट्रेशन शुल्क के नाम पर उनसे एक लाख 45 हजार रुपये जमा कराए।
फिर उनसे 11 बाइक बुक कराई गईं। उनके रुपये जमा कराए। बाद में फिर एक कॉल आई। कहा गया कि आपको और बाइक बुक करानी पड़ेंगी। तभी डीलरशिप मिलेगी। इससे उन्होंने 12 बाइक और बुक कराईं और उसके रुपये ट्रांसफर कर दिए। इस तरह ठग ने 28 लाख 19 हजार 973 रुपये जमा करा लिए। जब उन्हें न डीलरशिप मिली और न ही बाइक आईं तो उन्हें ठगी का अहसास हुआ। अब उन्होंने रविचंद्र घोस नाम से धोखाधड़ी के आरोप में एफआईआर दर्ज करा दी है। जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। संवाद