दातागंज (बदायूं)। पुलिस ने हजरतपुर में हुई सराफ और कपड़ा व्यापारी राकेश गुप्ता की हत्या की गुत्थी काफी हद तक सुलझा ली है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक व्यापारी राकेश की हत्या अलापुर के एक युवक ने कराई थी। हत्यारे भाड़े के होने की आशंका है। पुलिस ने अलापुर के युवक को हिरासत में ले लिया है। वह कारोबारी के परिवार की एक युवती से शादी करना चाहता था। परिवार वालों ने युवती की शादी दूसरी जगह कर दी तो आरोपी रंजिश मानने लगा।
हजरतपुर में शुक्रवार रात सराफ व कपड़ा कारोबारी राकेश गुप्ता की उनकी दुकान के अंदर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस दौरान राकेश गुप्ता का बेटा निखिल भी दुकान में मौजूद था। दो बदमाश इससे पहले दुकान पर घूम गए थे लेकिन उस समय राकेश गुप्ता दुकान पर नहीं थे। बाद में आए बदमाशों ने उनसे कपड़ा दिखाने को कहा। जैसे ही उन्होंने कपड़ा निकाला कि बदमाशों ने तमंचा निकालकर उनको गोली मार दी। इसके बाद बदमाश मौके से भाग गए। तभी पता चल गया था कि कारोबारी की हत्या लूट के इरादे से नहीं, बल्कि रंजिश में की गई है। शुरुआती दौर में पुलिस ने उनके पुराने रंजिशन मामले खंगाले, लेकिन उनमें एक भी ऐसा मामला नहीं निकला जिससे उनकी हत्या हो जाती।
छानबीन के दौरान पुलिस ने अलापुर कस्बा निवासी एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी युवक कारोबारी के परिवार की एक युवती से शादी करना चाहता था लेकिन कारोबारी ने उसकी शादी दूसरी जगह करा दी थी। इससे आरोपी कारोबारी से नाराज था। बताया जा रहा है कि आरोपी कई दिन से हजरतपुर के चक्कर लगा रहा था। शुक्रवार रात उसे मौका मिला गया और उसने इस घटना को अंजाम दे दिया। बताया जा रहा है कि हत्या के दौरान तीन बदमाश थे। उनमें दो दुकान में घुसे थे और एक बाइक चालू किए खड़ा रहा। हत्या करने वाले बदमाश पहले कुछ दूर पैदल भागे, फिर बाइक पर निकलकर भाग गए। पुलिस मुख्य आरोपी से पूछताछ कर रही है। इस हत्याकांड का जल्द खुलासा हो सकता है।
दाढ़ी मुड़ाई तो गहराया शक
कारोबारी की हत्या के मामले में पकड़ा गया आरोपी पिछले काफी समय से दाढ़ी अपनी बढ़ा रहा था। इससे उसकी दाढी काफी बड़ी हो गई थी। शुक्रवार रात इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने अपनी दाढ़ी बनवा दी। वह क्लीन सेव हो गया। इसकी एक वजह ये बताई जा रही है कि वह लोगों की पहचान में नहीं आना चाहता था। पुलिस ने जब संदेह के आधार पर उसे पकड़ा तो घनी दाढ़ी से अचानक क्लीनशेव होने का राज पूछने पर वह फंस गया।
कारोबारी की हत्या में एक युवक पकड़ा गया है। अभी उससे पूछताछ की जा रही है। अनुमान है कि उसी ने हत्या कराई है। इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं, और उन्होंने हत्या क्यों की इसकी जांच कराई जा रही है। जल्द ही इसका खुलासा कर दिया जाएगा। - प्रवीन सिंह चौहान, एसपी सिटी