ककराला में युवक की मौत के बाद घर के बाहर मौजूद लोग। संवाद
- फोटो : BADAUN
ककराला (बदायूं)। मंगलवार को ककराला कस्बे में एक युवक ने अपने घर में फंदे से लटककर जान दे दी। बताया जा रहा है कि युवक अपनी पत्नी को बुलाने उसके मायके गया था। जब वह नहीं आई तो युवक ने यह कदम उठाया। पुलिस ने युवक का शव फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कस्बे के वार्ड नंबर 21 निवासी वारिस शाह (25) पुत्र असलम शाह का छह माह पहले शमामा उर्फ गुड़िया से निकाह हुआ था। गुड़िया पुत्री शाकिर शाह नगर के वार्ड नंबर 11 की रहने वाली है। परिवार वालों का कहना है कि वारिस शाह की पत्नी उसके साथ रहना नहीं चाहती थी। इसलिए वह निकाह के बाद अपनी ससुराल नहीं आई। वारिस शाह जब भी उसे बुलाने जाता था तो गुड़िया उससे विवाद करती थी। मंगलवार सुबह भी वारिस शाह उसे बुलाने उसके मायके गया था। जहां दोनों के बीच खूब विवाद हुआ लेकिन उसकी पत्नी साथ नहीं आई। इससे वारिस शाह अपने घर चला गया। दोपहर के समय उसने अपने घर में फंदे से लटककर जान दे दी। जब इसके बारे में उनके परिवार को जानकारी हुई तो कोहराम मच गया। तमाम लोग एकत्र होकर उनके घर पहुंचे। सूचना पर इंस्पेक्टर ओपी गौतम और चौकी इंचार्ज सुमित कुमार भी पहुंच गए। उन्होंने लोगों की मदद से युवक का शव फंदे से उतरवाया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वारिस शाह लोगों के घरों में रंगाई पुताई करने का काम करता था। मौत से परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। संवाद