उझानी (बदायूं)। कछला गंगाघाट पर शनिवार सुबह करीब 11 बजे एक युवक की चोर होने के शक में जमकर पिटाई कर दी गई। वह बचाव के लिए चीखता रहा लेकिन भीड़ में शामिल किसी ने उसकी गुहार पर गौर नहीं किया। घायल युवक को भीड़ ने चौकी पर ले जाकर पुलिस के हवाले कर दिया। युवक ने खुद को अलीगढ़ का निवासी बताया है।
गंगाघाट पर सुबह करीब 11 बजे एक युवक बाइक के पास बैठा नजर आया। उसकी पीठ पर बैग और हाथ में पुरानी कमीज थी। शव का अंतिम संस्कार करने पहुंचे लोगों में से किसी ने उसी दौरान बाइक चोर होने का हल्ला मचा दिया। देखते ही देखते लोगों की भीड़ ने युवक को घेर लिया। दो-तीन युवकों ने उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद जो भी उसके करीब पहुंचा पीटने लगा। किसी ने उससे हकीकत जानने का प्रयास नहीं किया। पिटाई के दौरान वह जमीन पर गश खाकर गिर पड़ा। युवक के कपड़े भी फाड़ दिए गए।
बाद में भीड़ में ही शामिल लोगों ने उसे कछला चौकी पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह गंगा नहाने के लिए आया था। अपने कपड़े उतारने के लिए बाइक के पास बैठ गया था। चौकी इंचार्ज रजनीश कुमार ने बताया कि युवक ने खुद को अलीगढ़ का निवासी बताया है। उसके बताए नाम और पते के आधार पर तस्दीक कराई जा रही है। पिटाई से युवक के शरीर पर कोई ज्यादा चोट नहीं आई है।