कछला/उझानी। कछला निवासी दो भाई मामूली कहासुनी के बाद आपस में भिड़ गए। एक ने दूसरे पर रात में कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। कुल्हाड़ी उसकी जांघ में लगी और वह लहूलुहान हो गया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना बुधवार देर रात की है। कछला के वार्ड नंबर पांच निवासी मनोज और भूप सिंह के बीच शाम को घरेलू बातों को लेकर कहासुनी हो गई। मां रामलली ने दोनों को समझाकर शांत कर दिया। आरोप है कि देर रात मनोज नशे की हालत में घर पहुंचा और भूप सिंह पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। कुल्हाड़ी उसकी जांघ के पास लगी। लहूलुहान हालत में भूप सिंह को परिजन उझानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। खून बहते रहने से उसकी हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल भूप सिंह की मां ने देर रात की कछला चौकी पर पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस कर्मी भी मौके पर पहुंचे लेकिन इसकी भनक लगते ही आरोपी भाई घर से भाग गया। आरोपी के खिलाफ बृहस्पतिवार शाम तक कोतवाली में तहरीर नहीं दी गई है।