दातागंज (बदायूं)। मंगलवार को बरेली जिले में दवा लेने गए व्यक्ति की एक सड़क हादसे में मौत हो गई। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। हादसे के बाद से उसके परिवार वालों में कोहराम मचा हुआ है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रायपुर धीरपुर निवासी अमरपाल (46) पुत्र बाबूराम मंगलवार दोपहर बरेली जिले में विशारतगंज क्षेत्र के मझगवां दवा लेने बाइक से गए थे। बताते हैं कि वह दवा लेकर लौट रहे थे। उसी दौरान मझगवां के नजदीक उनकी बाइक सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। हादसे में उनको गंभीर चोटें आईं थी। इससे मौके पर मौजूद लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल बरेली भिजवा दिया था। वहां उनकी मौत हो गई। इसकी सूचना पर अमरपाल के परिवार वाले बरेली पहुंच गए हैं। बताया जा रहा है कि उनके शव का बरेली में पोस्टमार्टम कराया जाएगा। बरेली पुलिस ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।