उझानी (बदायूं)। फेसबुक आईडी हैक कर शुक्रवार रात किसी जालसाज ने यूपी सिडको ( उत्तर प्रदेश लघु उद्योग विकास निगम) के अध्यक्ष बीएल वर्मा के परिचितों को शिकार बनाने की कोशिश शुरू कर दी। उनकी फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर मैसेंजर पर कई लोगों को 15-15 हजार रुपये की मांग की गई। किसी परिचित ने वर्मा को जब इसके बारे में जानकारी दी तो वह भी सकते में पड़ गए। पुलिस से बात कर उन्होंने पूरे मामले से अवगत करा दिया है।
यूपी सिडको के अध्यक्ष बीएल वर्मा शुक्रवार शाम को लखनऊ में थे। देर रात किसी परिचित ने उन्हें उनकी फेसबुक आईडी के मैसेंजर से 15 हजार रुपये मांगे जाने के बारे में अवगत कराया। इसके बाद कई जिलों के निवासी परिचितों ने भी उन्हें यही जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने अपनी फेसबुक आईडी के मैसेंजर को चैक किया तो ऐसा कोई मेसेज नजर नहीं आया। बाद में पता लगा कि किसी ने उनकी फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर मैसेंजर से ही रुपयों की मांग कर रहा है। रुपये मांगने वाले ने गूगल पे अकाउंट भी शेयर किया। जालसाज ने फर्जी फेसबुक आईडी पर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के साथ वाला दर्जा राज्यमंत्री की फोटो का इस्तेमाल प्रोफाइल में किया है।
सिडको अध्यक्ष एक दिन पहले ही फिरोजाबाद जिले से डिप्टी सीएम के साथ लखनऊ गए थे। प्रोफाइल वाला फोटो उसी समय का बताया जा रहा है। दर्जा राज्यमंत्री ने देर रात ही इस संबंध में स्थानीय पुलिस से बात की। सिडको अध्यक्ष ने अपनी फेसबुक आईडी पर इस बात का भी जिक्र किया है कि जिस व्यक्ति ने उनकी फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर मैसेंजर से रुपयों की मांग की है, वह बिहार के दरभंगा का बताया जा रहा है। यह बात बैंक अकाउंट नंबर से सामने आई है। इसके बाद उन्होंने अपने परिचितों को भी किसी के झांसे में नहीं आने के लिए सतर्क कर दिया है।
सहसवान के कोतवाल समेत कई प्रमुख लोगों की आईडी हो चुकी है हैक
उझानी यूपी सिडको के अध्यक्ष बीएल वर्मा की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर परिचितों से रुपये मांगे जाने से पूर्व के मामले पर गौर करें तो जालसाज कई प्रमुख व्यक्तियों और सरकारी मुलाजिमों के साथ धोखाधड़ी कर चुके हैं। पिछले दिनों सहसवान के कोतवाल राजीव कुमार शर्मा, बदायूं के महिला अस्पताल में तैनात बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. एमएल गंगवार, लैब टेक्नीशियन जय गोविंद यादव समेत जिले के करीब दो दर्जन लोगों की आईडी हैक कर रुपये मांगे जा चुके हैं। डॉ. गंगवार ने तो पुलिस से भी संपर्क साधा था।
फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर जालसाज ने मेरे परिचितों से रुपये ऐंठने की कोशिश तो की लेकिन कोई भी झांसे में नहीं आया है। पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है। जल्द ही जालसाज पुलिस की गिरफ्त में होगा। फिर भी किसी के पास ऐसा कोई मेसेज आए तो सतर्क हो जाए।
- बीएल वर्मा, अध्यक्ष, यूपी सिडको
इस मामले की शिकायत कोतवाली उझानी में मौखिक रूप से की गई थी। उसके आधार पर सर्विलांस टीम को लगा दिया गया है, साथ ही फेसबुक के मुख्यालय से जानकारी मांगी गई है, उसकी रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
संकल्प शर्मा, एसएसपी